May 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“लापरवाही पर सख्ती: समय पर काम न करने वाली एजेंसियां होंगी ब्लैकलिस्ट, शहर विकास में देरी बर्दाश्त नहीं – उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन”

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//   कोरबा,04 मई 2026
प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जो निर्माण एजेंसियां समय पर कार्य प्रारंभ नहीं करतीं या कार्यों के प्रति उदासीनता दिखाती हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में बाधा डालने वाली किसी भी एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा और आम नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नगर निगम के टी.पी.नगर एवं कोरबा जोन के वार्डों में संचालित विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी कार्य में मैदानी स्तर पर कोई समस्या आती है, तो उसे निरस्त करने के बजाय तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि समाधान कर कार्य को पूर्ण कराया जा सके।

 

इस महत्वपूर्ण बैठक में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। टी.पी.नगर एवं कोरबा जोन के कुल 18 वार्डों में स्वीकृत 175 विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई, जिनमें पूर्ण, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्यों की अलग-अलग समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सी.सी. रोड निर्माण, नाली एवं नाला निर्माण, सामुदायिक भवन, रोड डिवाइडर, आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्ष, प्रतीक्षालय, मंगल भवन, डोम निर्माण, आर.सी.सी. शेड, कलवर्ट, सार्वजनिक शौचालय, किचन शेड, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई। मंत्री श्री देवांगन ने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, वित्त आयोग, विधायक मद, सीएसआर, एनसीएपी, निगम मद सहित विभिन्न मदों के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति पर भी गहन समीक्षा करते हुए गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता जरूरी
मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि वे आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, स्ट्रीट लाइट एवं साफ-सफाई से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से निर्धारित समय-सीमा में हल करने के निर्देश दिए।
सभी वार्डों में समान विकास का संकल्प
उन्होंने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे। वार्डवासियों की मांग और आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ उन्हें जमीन पर उतारा जाए। छोटे-छोटे वार्ड स्तर के कार्य जैसे सड़क, नाली, पेयजल, बिजली विस्तार और सामुदायिक सुविधाएं भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं जितने बड़े प्रोजेक्ट।
शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों तक समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंशन योजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा कर समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर ने जताया आभार, गुणवत्ता पर दिया जोर
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि केन्द्र, राज्य और निगम में एक ही सरकार होने के कारण “ट्रिपल इंजन” का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने उद्योग मंत्री श्री देवांगन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों से गुणवत्तापूर्ण कार्य करने, पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुनने और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
बैठक में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद रविसिंह चंदेल, श्रीमती मथुराबाई चन्द्रा, श्रीमती प्रेमलता बंजारे, रामकुमार साहू, लक्ष्मण श्रीवास, युगल किशोर कैवर्त, ईश्वर प्रसाद पटेल, टामेश अग्रवाल, श्रीमती धनश्री अजय साहू, श्रीमती रूबिदेवी सागर, श्रीमती उर्वशी राठौर, श्रीमती सुलोचना यादव, श्रीमती सुषमा रमाशंकर साहू, श्रीमती प्रभा टीकम राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी—अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर नीरज कौशिक व अखिलेश शुक्ला, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, राहुल मिश्रा, अजय अग्रवाल, सोमनाथ डेहरे, विनोद गोंड़ आदि उपस्थित रहे।
बैठक ने स्पष्ट संदेश दिया कि कोरबा में विकास कार्यों की गति अब और तेज होगी और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.