May 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशव्यापी दौरा शुरू, कहीं भी पहुंचकर लेंगे जमीनी हकीकत का फीडबैक

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//  रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को सशक्त और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने प्रदेशव्यापी दौरे का विधिवत आगाज कर दिया है। इस विशेष अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री साय पुलिस लाइन हेलीपेड, रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा विभिन्न जिलों के लिए रवाना हुए।
इस दौरे की सबसे खास बात यह है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पूर्व निर्धारित स्थानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे किसी भी स्थान पर अचानक उतरकर आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का वास्तविक फीडबैक लेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय का यह दौरा प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वे विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण करेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल निर्देश भी देंगे, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
गौरतलब है कि ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान की शुरुआत 1 मई 2026 से हुई है, जो आगामी 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में संचालित रहेगा। इस अभियान के माध्यम से सरकार का उद्देश्य आम जनता को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना, शिकायतों का त्वरित निराकरण करना और विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का मूल्यांकन करना है।
सरकार की इस पहल से प्रदेश में सुशासन की अवधारणा को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं आम नागरिकों को भी अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.