श्रमिकों के सम्मान में गूंजा देवकीनंदन दीक्षित सभागार, अमर अग्रवाल बोले—“मजदूरों की मेहनत से ही बनती है राष्ट्र की नींव”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। ‘अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ एकता हमाल मजदूर संगठन द्वारा लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान स्थित देवकीनंदन दीक्षित सभागार में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन के कार्यकर्ताओं और श्रमिक साथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ मंच साझा करते हुए आयोजकों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने श्रमिकों के सम्मान में अपने विचार रखे और उनके योगदान को सराहा।
अपने उद्बोधन में अमर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज की मजबूती और विकास का आधार उसके श्रमिक होते हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग अपनी मेहनत, समर्पण और संघर्ष के बल पर देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाता है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सतत प्रयास करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिक बंधुओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर श्रमिकों के चेहरे पर खुशी और गर्व स्पष्ट रूप से झलक रहा था। इस सम्मान समारोह के माध्यम से संगठन ने श्रमिकों के योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा। उपस्थित सभी लोगों ने श्रमिकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंत में सभी श्रमिक साथियों को ‘अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


