August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

आईईडी विस्फोट में चार जवान शहीद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जताया गहरा शोक

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डी-माइनिंग एवं सर्च ऑपरेशन के दौरान हुए भीषण आईईडी विस्फोट में डीआरजी के चार बहादुर जवानों की शहादत से पूरे प्रदेश में शोक की लहर फैल गई है। इस दुखद घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
शनिवार को हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण विस्फोट में इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले और कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा ने अपने प्राणों की आहुति दी। ये सभी जवान क्षेत्र में चल रहे डी-माइनिंग और सर्च अभियान के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए शहीद हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने अपने शोक संदेश में कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए हमारे जवान लगातार कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों का सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। जवानों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति का परिचय देते हुए अपनी जान न्योछावर की है, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।
श्री देव ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि शहीदों की पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी का पूरा संगठन शहीदों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से आईईडी जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल लगातार किया जा रहा है। बावजूद इसके, सुरक्षा बलों की सतर्कता और साहस के चलते हाल के महीनों में सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं, जिससे कई बड़ी घटनाओं को टाला जा सका है। किंतु यह हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
इस घटना ने एक बार फिर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सामने मौजूद चुनौतियों को उजागर किया है, वहीं शहीद जवानों के साहस और बलिदान ने पूरे प्रदेश को गौरवान्वित भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.