May 2, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सुशासन तिहार की गूंज से घबराई कांग्रेस, जनता के समर्थन से बौखलाए विपक्ष पर देवलाल ठाकुर का तीखा हमला

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने ‘सुशासन तिहार’ को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन को लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेशभर में उमड़ रहे जनसैलाब ने विपक्ष की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कहा कि यह महज एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सरकार की कार्यशैली का जीवंत प्रमाण बन चुका है, जिसे देखकर कांग्रेस पूरी तरह असहज और व्यथित नजर आ रही है।
श्री ठाकुर ने आक्रामक अंदाज़ में कहा कि ‘सुशासन तिहार’ दरअसल विष्णुदेव साय सरकार के ढाई वर्षों के सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का खुला रिपोर्ट कार्ड है, जिसे जनता ने खुले दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, किसानों को धान का बकाया बोनस और ‘रामलला दर्शन’ जैसी योजनाओं ने न केवल आम जनता का जीवन बदला है, बल्कि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम और झूठ की राजनीति को भी पूरी तरह बेनकाब कर दिया है।
भाजपा प्रवक्ता ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं की बयानबाजी अब उनकी हताशा और कुंठा का प्रमाण बन चुकी है। जो पार्टी पांच वर्षों तक छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अव्यवस्था का गढ़ बनाए रखी, वही आज ‘सुशासन’ शब्द से घबराकर अनर्गल प्रलाप कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि जनता उनके खोखले वादों और झूठे नारों से पूरी तरह ऊब चुकी है।
श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आज प्रदेश में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव और बाधा के पहुँच रहा है, जो कांग्रेस के शासनकाल में केवल कागजों तक सीमित रहता था। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब छत्तीसगढ़ की जनता विकास, विश्वास और परिणाम आधारित राजनीति को ही प्राथमिकता दे रही है।
अंत में श्री ठाकुर ने दो टूक कहा कि ‘सुशासन तिहार’ की ऐतिहासिक सफलता कांग्रेस के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि उनकी राजनीति का अंत निकट है। जनता ने ‘मोदी की गारंटी’ और साय सरकार के सुशासन पर भरोसा जताकर यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में कांग्रेस के लिए प्रदेश की राजनीति में कोई जगह नहीं बचने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.