August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

डीडासराई में साप्ताहिक ठाकुर देव पूजा बनी सामाजिक एकता की मिसाल, ज्ञानिक राम राठिया ने दिया संगठित समाज का संदेश

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**  देवपहरी/डीडासराई  कोरबा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत देवपहरी के आश्रित ग्राम डीडासराई में प्रति गुरुवार आयोजित होने वाला साप्ताहिक ठाकुर देव पूजा एवं आरती कार्यक्रम इस सप्ताह विशेष रूप से उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक जागरूकता का केंद्र बना रहा। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े युवा समाजसेवी एवं इंजीनियरिंग स्नातक ज्ञानिक राम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानिक राम राठिया ने पूरे विधि-विधान के साथ ठाकुर देव की पूजा-अर्चना कर “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ गांव की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके साथ एकल अभियान के आचार्य बालकुमार राठिया भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में ज्ञानिक राम राठिया ने कहा कि ऐसे साप्ताहिक धार्मिक आयोजन केवल आस्था के केंद्र नहीं होते, बल्कि यह समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखने का सशक्त माध्यम भी हैं। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी समाज की एकता और सामूहिक विकास पर बल देते हुए सभी ग्रामीणों से मिलजुल कर गांव के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने आगामी साप्ताहिक बाजार, वार्षिक उत्सव एवं दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की और सभी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही हाल ही में घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर पुनः प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व पंच जगदेव राठिया, राठिया समाज मंडल अध्यक्ष रायस राम, नेपाल सिंह कंवर, रमेश राठिया, चंद्रा कुमार राठिया, एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर इस सप्ताह की मुख्य प्रसाद व्यवस्था इतवार सिंह मांझी एवं 10वीं-12वीं में उत्तीर्ण विद्यार्थियों द्वारा की गई, जो आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सहयोग और सामाजिक समरसता की अनूठी झलक देखने को मिली।
👉 गौरतलब है कि डीडासराई का यह साप्ताहिक ठाकुर देव पूजा एवं आरती कार्यक्रम अब गांव की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का मजबूत आधार बनता जा रहा है, जो अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.