August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

केराकछार में गूंजा बाबा साहब का जयघोष: भव्य स्वाभिमान रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  कोरबा, 14 अप्रैल।
विश्व रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विकासखंड कोरबा के ग्राम केराकछार, दरगा में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरा क्षेत्र “बाबा साहब अमर रहें” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा” जैसे गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम रामपुर विधानसभा के लोकप्रिय विधायक फूलसिंह राठिया के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम कोरकोमा से केरवां होते हुए केराकछार तक निकाली गई भव्य स्वाभिमान रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अंबेडकरवादी, ग्रामीणजन, महिलाएं और युवा शामिल हुए। रैली ने पूरे क्षेत्र में सामाजिक चेतना और एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पीला चावल तिलक, बाबा साहब की तस्वीर युक्त गमछा, बैच एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों ने ठाकुर देव एवं बाबा साहब की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

 

 

इस अवसर पर व्याख्याता श्री मनमोहन सिंह राठिया ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, उनके सिद्धांतों और समाज सुधार में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि विधायक फूलसिंह राठिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि “नव निहालों को शिक्षित कर ही हम एक मजबूत और जागरूक समाज का निर्माण कर सकते हैं।” उन्होंने बालक-बालिकाओं में समान अनुशासन और अवसर की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों एवं महिलाओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया और ग्राम केराकछार के चारों मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट की स्वीकृति प्रदान कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पालकों से विशेष अपील की कि वे अपने बच्चों को संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करें। वहीं दुबराज राठिया ने आदिवासी समाज के अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून की जानकारी को अनिवार्य बताते हुए जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अभिमन्यु राठिया ने समाज को संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। डॉ. श्रीमती भावना राठिया ने शिक्षा पर आधारित प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सरपंच श्रीमती भुनेश्वरी राठिया ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत केराकछार, राठिया कंवर उत्थान समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम में भोलेश्वरी राठिया (BDC), फलमती राठिया (BDC), मुकेश राठिया सरपंच, महासिंह राठिया सरपंच, गेवकरन कंवर सरपंच सहित राठिया महिला प्रकोष्ठ की श्रीमती भावना राठिया, श्रीमती बिमला राठिया, श्रीमती संतोषी राठिया, श्रीमती त्रिवेणी राठिया, श्रीमती नीरा राठिया, श्रीमती चंद्रकांति राठिया, श्रीमती चंद्रमा राठिया, श्रीमती रामेश्वरी राठिया, श्रीमती दीना राठिया तथा RKVS कोरबा के कुमारसिंह राठिया, जयकृष्ण राठिया, निर्मल सिंह राठिया, सागर सिंह राठिया, रामलाल राठिया, सत्यपाल राठिया, चनेशराम राठिया, गोवर्धन राठिया, बृजलाल राठिया, बेलाल राठिया, देवप्रसाद राठिया, जगतराम राठिया, जय विकास, जय जुगल सहित आसपास के सैकड़ों महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रामलाल राठिया खुटाकूड़ा ने किया।
उक्त जानकारी मानसिंह राठिया, केन्द्रीय सचिव, छत्तीसगढ़ चंद्रवंशीय कंवर राठिया समाज उत्थान समिति द्वारा प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.