“झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे दीपक बैज” — भाजपा प्रवक्ता किरण बघेल का तीखा हमला, कहा कांग्रेस अपना वजूद बचाने में लगी



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर जोरदार पलटवार करते हुए उन पर तीखा हमला बोला है। डॉ. बघेल ने कहा कि दीपक बैज अपने डगमगाते राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ा रही है, जिससे प्रदेश का हर वर्ग संतुष्ट और खुशहाल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है और उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस नेताओं को जनता का यह विश्वास रास नहीं आ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2018 से 2023 तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के दौरान अपराधियों को खुला संरक्षण मिला और प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान भ्रष्टाचार, अपराध और प्रशासनिक अव्यवस्था चरम पर थी, जबकि आज भाजपा सरकार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून का राज स्थापित हो रहा है।
डॉ. बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार की महतारी वंदन योजना से लाखों महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण मिला है। वहीं भूमिहीन श्रमिकों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और ग्रामीण वर्ग को भी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। प्रदेश में “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के साथ सिर्फ छल और कपट की राजनीति की। किसानों को कई समस्याओं से जूझना पड़ा, कई किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हुए। महिलाओं से शराबबंदी का वादा किया गया लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया, जो प्रदेश की महिलाओं के साथ सबसे बड़ा धोखा था।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता के नाम पर चार साल तक गुमराह किया और चुनावी साल में दिखावे के लिए कुछ महीनों तक राशि देकर अपनी राजनीतिक नौटंकी की। वहीं किसानों को धान की अंतर राशि भी किस्तों में देकर उन्हें परेशान किया गया।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और अपराध में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। कई बड़े घोटालों में शामिल कांग्रेसी नेता और उनके सहयोगी आज या तो जेल में हैं या बेल पर बाहर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आपदा को अवसर बनाकर राजनीति करती है और जनता के बीच झूठ फैलाने की कोशिश करती है।
भाजपा प्रवक्ता ने अंत में कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के असली चेहरे को पहचान चुकी है। यही वजह है कि कांग्रेस आज देश के कुछ ही राज्यों तक सीमित रह गई है और आने वाले समय में उसका राजनीतिक वजूद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही है और जनता का भरोसा लगातार भाजपा के साथ बढ़ता जा रहा है।


