कोरबा में 15 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा ‘भगत माता कर्मा जयंती महोत्सव’, श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा। नगर साहू संघ कोरबा के तत्वावधान में इस वर्ष भी श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता के साथ “भगत माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 15 मार्च 2026, रविवार को आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर साहू समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है और कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के श्रम एवं उद्योग मंत्री माननीय श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उनके साथ कार्यक्रम में शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाएंगे।

कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत तथा नगर निगम कोरबा के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री मुरली साहू और वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री भाकुलाल साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर साहू संघ कोरबा के अध्यक्ष श्री बालाराम साहू करेंगे।
आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 मार्च को दोपहर 1 बजे से सामाजिक रैली निकाली जाएगी, जिसमें साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर शहर में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश देंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से मंचीय कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें समाज के प्रतिभावान बच्चे और युवा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में शाम 4:30 बजे से भोग-प्रसाद वितरण एवं भंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के लोग और शहर के नागरिक बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण करेंगे। यह पूरा कार्यक्रम ओपन थिएटर, घंटाघर कोरबा में आयोजित होगा।
नगर साहू संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि भगत माता कर्मा जयंती साहू समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर समाज के लोग एकजुट होकर सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक गौरव का संदेश देते हैं।
नगर साहू संघ एवं समस्त इकाई कोरबा द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में समाज के सभी लोगों तथा शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि इस वर्ष का भगत माता कर्मा जयंती महोत्सव पहले से भी अधिक भव्य और यादगार होगा।


