March 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा रेल यात्रियों की समस्याएँ उठीं बिलासपुर मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक में, ट्रेनों की लेटलतीफी रोकने, लेवल क्रॉसिंग मरम्मत व यात्री सुविधाओं के उन्नयन पर जोर

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** बिलासपुर मंडल में आयोजित बैठक में कोरबा क्षेत्र से जुड़े रेल मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा, खाटू श्याम जी स्पेशल ट्रेन चलाने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की तृतीय बैठक 11 मार्च 2026 को प्रातः 11:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने की। इस दौरान रेलवे बोर्ड के अधिकारी भी क्षेत्रीय निरीक्षण और समीक्षा के सिलसिले में उपस्थित रहे। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र के रेल यात्रियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और रेल सेवाओं को अधिक सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से कोरबा क्षेत्र से जुड़े रेल संचालन, यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक के दौरान बताया गया कि कोरबा से चलने तथा होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें समय-समय पर विलंब से संचालित होती हैं, जिससे यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। समिति के सदस्यों ने मांग की कि ट्रेनों के समयपालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की जाए और डिजिटल माध्यमों के जरिए ट्रेनों की वास्तविक समय की जानकारी यात्रियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि यात्रियों को सही और समय पर सूचना मिल सके।
हालांकि अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि वर्तमान में कोरबा से संचालित अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय के आसपास ही चल रही हैं, फिर भी समय की पाबंदी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

 

खाटू श्याम जी के लिए स्पेशल ट्रेन की मांग
बैठक में कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में खाटू श्याम जी के भक्तों की बड़ी संख्या को देखते हुए विशेष अवसरों पर कोरबा से राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी धाम के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि यदि कोरबा से सीधी स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है तो हजारों श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में बिलासपुर से राजस्थान क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जिनमें ट्रेन संख्या 20823/20824 (पुरी-अजमेर-पुरी), 18207/18208 (दुर्ग-अजमेर-दुर्ग), 18213/18214 (दुर्ग-अजमेर-दुर्ग), 20843/20844 (बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर), 20845/20846 (बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर), 20471/20472 (श्रीगंगानगर-पुरी-श्रीगंगानगर), 20971/20972 (उदयपुर-शालीमार-उदयपुर), 20813/20814 (पुरी-जोधपुर-पुरी) और 18573/18574 (विशाखापट्टनम-भगत की कोठी-विशाखापट्टनम) शामिल हैं। समिति ने सुझाव दिया कि इन रूटों को ध्यान में रखते हुए कोरबा से विशेष ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा सकती है।
लेवल क्रॉसिंग पर सड़क मरम्मत की मांग
बैठक में कई लेवल क्रॉसिंग पर ट्रैक के बीच और आसपास की सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त हो गई हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। समिति ने रेलवे प्रशासन से इन लेवल क्रॉसिंग पर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और समतलीकरण कार्य कराने की मांग की।
रेलवे स्टेशन पहुंच मार्ग के पुल के विस्तार की आवश्यकता
बैठक में रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले मार्ग पर बने पुल (ब्रिज) के विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। बताया गया कि वर्तमान पुल आकार में छोटा और संकरा है, जिसके कारण यातायात का दबाव बढ़ने पर जाम की स्थिति बन जाती है। समिति के सदस्यों ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुल (नया ब्रिज) निर्माण पर विचार करने की मांग की।
इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में LC CG-29 पर पहले से ही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) मौजूद है और जनता की मांग के बावजूद वहां एलसी गेट को बंद नहीं किया गया है। इस स्थान पर नए आरओबी के लिए अभी कोई प्रस्ताव प्रगति में नहीं है। हालांकि सीजीपीडब्ल्यूडी द्वारा एक रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
कोरबा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन का प्रस्ताव
बैठक में कोरबा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इनमें प्लेटफॉर्म शेड का विस्तार, स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था तथा शौचालय सुविधाओं में सुधार जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के चरण-2 के अंतर्गत चांपा (CPH), कोरबा (KRBA), अकलतरा (AKT), नैला (NIA) और ब्रजराजनगर (BUA) रेलवे स्टेशनों के सॉफ्ट अपग्रेडेशन का कार्य पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है और वर्तमान में इसकी निविदा प्रक्रिया जारी है।
बैठक में समिति के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उठाए गए इन मुद्दों और दिए गए सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा, जिससे कोरबा सहित पूरे बिलासपुर मंडल के रेल यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.