May 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा शहर की चार प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प — 5.93 करोड़ से होगा डामरीकरण, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन व महापौर संजू देवी राजपूत के प्रयास रंग लाए

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा। शहर के प्रमुख मार्गों के विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन तथा नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों के डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 93 लाख रुपये की स्वीकृति नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा अधोसंरचना मद से प्रदान की गई है। इन सड़कों के डामरीकरण से शहरवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
स्वीकृत योजना के तहत शहर की जिन प्रमुख सड़कों का डामरीकरण किया जाएगा, उनमें पावर हाउस रोड नहर पुल से उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे फाटक अंडरब्रिज रोड तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 112.55 लाख रुपये, रेलवे फाटक से पुराना बस स्टैंड तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 156.90 लाख रुपये, जैन चौक से घंटाघर तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 125.00 लाख रुपये तथा घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 199.00 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन सभी मार्गों के निर्माण से शहर के यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी तथा कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के कारण कोरबा नगर को लगातार विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड मिल रहा है, जिससे शहर के विकास को नई गति मिल रही है।
महापौर ने कहा कि शहर की सड़कों का डामरीकरण होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि नागरिकों को लंबे समय से खराब सड़कों से होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी। नगर निगम कोरबा द्वारा शहर के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से कोरबा शहर में अधोसंरचना विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य आगे भी स्वीकृत होंगे, जिससे शहर को आधुनिक और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.