August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

यूपीएससी में छत्तीसगढ़ के युवाओं का परचम: चार प्रतिभाओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दी बधाई

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**रायपुर। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मानी जाने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश के चार होनहार अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इन प्रतिभाशाली युवाओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वालों में रायपुर के रौनक अग्रवाल ने 772वीं रैंक हासिल की है, जबकि संजय डहरिया ने 946वीं रैंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया है। इसी प्रकार एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले की भाजपा पार्षद की पुत्री दर्शना सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 283वीं रैंक हासिल की है। वहीं धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं की लगातार सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर परिश्रम के साथ पढ़ाई की जाए तो किसी भी ऊँचाई को हासिल किया जा सकता है।
श्री देव ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सफलता के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन, एकाग्रता और दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। छत्तीसगढ़ के युवाओं ने इन सभी गुणों का परिचय देते हुए अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और प्रदेश के अन्य युवा भी इनसे प्रेरित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.