राज्यसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भरा नामांकन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दिखी भाजपा की मजबूती


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की घोषित प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान विधानसभा परिसर में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, मंत्रीगण, सांसद, विधायक और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली। नामांकन के अवसर पर भाजपा की एकजुटता और उत्साहपूर्ण माहौल ने पूरे परिसर को राजनीतिक ऊर्जा से भर दिया।

नामांकन दाखिल करने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाकर एक योग्य और अनुभवी नेतृत्व को अवसर दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा संसद के उच्च सदन में छत्तीसगढ़ के विकास, जनता के हितों तथा प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएँगी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, तथा छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को अपनी शुभकामनाएँ दीं।
नामांकन के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे। इनमें मंत्री केदार कश्यप, टंक राम वर्मा, दयालदास बघेल, लक्ष्मी रजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब तथा गजेंद्र यादव शामिल थे।

इसके अलावा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर, तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक भी नामांकन के दौरान उपस्थित रहे। इनके साथ ही भाजपा के कई मंत्रीगण, विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी विधानसभा परिसर में मौजूद रहे।
नामांकन के बाद उपस्थित नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को निरंतर गति दे रही है और राज्यसभा में भी पार्टी का प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ के हितों को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा। नेताओं ने विश्वास जताया कि श्रीमती लक्ष्मी वर्मा अपने अनुभव और सक्रियता के बल पर संसद में प्रदेश की आवाज़ को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेंगी।
इस दौरान विधानसभा परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी और उनकी जीत के प्रति पूरा विश्वास व्यक्त किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर पार्टी नेतृत्व के प्रति समर्थन और उत्साह प्रकट किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति, नेतृत्व की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी अपने प्रत्याशी की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त और संगठित है।

