“बस्तर में बदल रही तस्वीर, नक्सलवाद अंतिम सांसों पर”: भाजपा का दावा—डबल इंजन सरकार से छत्तीसगढ़ बनेगा नक्सलमुक्त राज्य


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ अब निर्णायक मोड़ पर खड़ा है और वह दिन दूर नहीं जब राज्य ‘नक्सलमुक्त’ के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नक्सलवाद के खात्मे से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे मध्य भारत की सुरक्षा स्थिति सुदृढ़ होगी।
पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लिया गया संकल्प मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तेजी से जमीन पर उतर रहा है। बस्तर अंचल, जो कभी नक्सल हिंसा का पर्याय बन गया था, अब विकास, विश्वास और लोकतांत्रिक मजबूती की नई कहानी लिख रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शिथिल रुख और अस्पष्ट रणनीति के कारण नक्सल गतिविधियों को बढ़ावा मिला। इसके विपरीत वर्तमान सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सुरक्षा बलों को स्पष्ट निर्देश और रणनीतिक समर्थन मिला है, जिसके परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं।
भाजपा के अनुसार जनवरी 2024 से अब तक 532 नक्सली मारे गए हैं, 2,700 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया है और 203 से अधिक स्मारक ध्वस्त किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के तथाकथित कोर एरिया में प्रवेश कर कैंप स्थापित किए हैं, जिससे उनके नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
पाण्डेय ने ‘नियद नेल्लानार’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल सुरक्षा अभियान नहीं, बल्कि विश्वास निर्माण की पहल है। जिन क्षेत्रों में कभी गोलियों की गूंज थी, वहां अब सड़क, बिजली, स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। पुनर्वास नीति के तहत हिंसा का मार्ग छोड़ने वाले नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में लघु वनोपज संग्रहण और प्रसंस्करण बढ़ने से आदिवासी परिवारों की आय में वृद्धि हुई है। चित्रकोट जलप्रपात और तीरथगढ़ जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बन रहा है। अब ग्रामीण बिना किसी डर के मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, जो लोकतंत्र की जड़ों के मजबूत होने का प्रमाण है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि डबल इंजन सरकार की समन्वित रणनीति—सुरक्षा, विकास और विश्वास—के कारण नक्सलवाद की जड़ें कमजोर हो रही हैं। भाजपा ने दावा किया कि यह अभियान अंतिम लक्ष्य तक जारी रहेगा और छत्तीसगढ़ शीघ्र ही स्थायी शांति, प्रगति और सुशासन के नए युग में प्रवेश करेगा।

