August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर भाजपा का तीखा पलटवार, मखमूर इकबाल खान बोले– “दोहरा चरित्र उजागर”

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीतिक फिजा उस समय गरमा गई जब कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी अमीनून खान सूरी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा एतराज जताया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान ने कांग्रेस पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि तथ्यों की अनदेखी कर इस प्रकार की बयानबाजी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा नेता खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ को लेकर इस तरह की टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस नेताओं को प्रदेश की वास्तविक स्थिति और विकास कार्यों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में भय और अव्यवस्था का माहौल कायम रखा, जबकि वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सर्वसमाज के समग्र विकास की दिशा में कार्य हो रहा है।
मखमूर इकबाल खान ने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयान देते हैं और अल्पसंख्यक समाज को वोट बैंक की तरह उपयोग करते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समाज के हित में अनेक योजनाएँ संचालित हुई हैं, जिनका लाभ जमीनी स्तर तक पहुँचा है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्य राज्यों की परिस्थितियों पर कांग्रेस चुप्पी साध लेती है, लेकिन छत्तीसगढ़ को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज अब जागरूक है और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेता है, केवल भावनात्मक बयानबाजी से प्रभावित नहीं होता।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और दोनों दलों के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.