February 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

फाल्गुन अमावस्या पर श्री सप्तदेव मंदिर में गूंजा राणीसती दादी का मंगलगान, भक्तिमय माहौल में उमड़ा आस्था का सैलाब

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**  कोरबा। फाल्गुन माह की अमावस्या के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री सप्तदेव मंदिर में माँ श्री राणीसती दादी का भव्य संगीतमय मंगलपाठ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रत्येक माह अमावस्या को आयोजित होने वाली इस आध्यात्मिक परंपरा के अंतर्गत 17 फरवरी 2026, मंगलवार को दोपहर 3:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक विशेष मंगलपाठ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती लीना अग्रवाल एवं मनीषा मोदी के नेतृत्व में उपस्थित मंगलपाठी बहनों ने नथ, चूड़ा एवं चुनरी जैसे पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर एक स्वर और एक लय में संगीतमय मंगलपाठ प्रस्तुत किया। भक्तिमय भजनों और स्तुतियों से संपूर्ण मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर माँ राणीसती दादी का गुणगान किया।
मंगलपाठ के समापन पर विधिवत आरती की गई तथा प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर की प्रमुख ट्रस्टी प्रेमा अग्रवाल ने आगामी आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च को हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली शोभायात्रा का मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, मट्ठा एवं खिचड़ी का वितरण किया जाएगा। उन्होंने भक्तजनों से इस आयोजन में श्रमदान कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया।
उन्होंने आगे बताया कि 2 मार्च की रात्रि 12:00 बजे होली दहन का शुभ मुहूर्त है। 3 मार्च को प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक सूतक रहेगा तथा सायं 7:00 बजे तक ग्रहण की स्थिति रहेगी। साथ ही श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल द्वारा 6 मार्च को मंदिर परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त भक्त महिलाओं को सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी अशोक मोदी ने उपस्थित सभी मंगलपाठी बहनों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस प्रकार फाल्गुन अमावस्या का यह आध्यात्मिक आयोजन भक्तों के लिए आस्था, भक्ति और सामूहिक श्रद्धा का अद्भुत संगम बनकर यादगार रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.