कोरबा का गौरव बढ़ाने वाले युवा का भव्य सम्मान : यूपीएससी मुख्य परीक्षा में सफलता पर राज पटेल को महापौर ने दिए 1 लाख रुपये
1 min read



(महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने ‘महापौर सम्मान निधि’ से की प्रोत्साहन राशि प्रदान, नगर निगम क्षेत्र का पहला युवा बना प्रेरणा स्रोत)
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा, 17 फरवरी 2026। ऊर्जानगरी कोरबा के लिए गर्व का क्षण उस समय साकार हुआ जब संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले युवा राज पटेल को नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सम्मानित किया। महापौर ने अपने कक्ष, मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें महापौर सम्मान निधि से 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
वार्ड क्रमांक 19 मानसनगर, कोरबा निवासी राज पटेल ने 22 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा सफलता पूर्वक उत्तीर्ण कर नगर निगम क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वे नगर निगम कोरबा क्षेत्र के पहले ऐसे युवा हैं, जिन्होंने इस कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा के मुख्य चरण को पार कर एक नई मिसाल कायम की है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि राज पटेल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे कोरबा शहर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना नगर निगम की प्राथमिकता है, ताकि शहर के अन्य युवा भी उनसे प्रेरणा लेकर उच्च प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करें।
इस अवसर पर राज पटेल की माताजी श्रीमती शकुंतला पटेल सहित परिवारजन उपस्थित रहे। साथ ही निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, महापौर के निज सहायक सचिन तिवारी, संजय झा एवं अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में भावनात्मक वातावरण देखने को मिला, जहाँ एक ओर राज पटेल की मेहनत और समर्पण की सराहना हुई, वहीं दूसरी ओर युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए नगर निगम की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट रूप से झलकी।
कोरबा की इस नई उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े महानगर की मोहताज नहीं होती—दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम से ऊर्जानगरी के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।


