February 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा विकास की नई उड़ान : महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के एक वर्ष में उपलब्धियों की ऐतिहासिक इबारत

 

(उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में शहर ने छुआ विकास का नया मुकाम, स्वच्छता से लेकर सीवरेज व पेयजल तक क्रांतिकारी फैसले)
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा, 17 फरवरी 2026। ऊर्जानगरी कोरबा में विकास की रफ्तार को नई दिशा देने वाली नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत का एक वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों की सशक्त गाथा बन गया है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हुए महापौर ने शहर को विकास की नई ऊर्जा, सही दिशा और तीव्र गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में कोरबा नगर निगम ने उल्लेखनीय सक्रियता दिखाई है। बीते एक वर्ष में अरबों रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाई गई और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाए गए।
67 वार्डों में 573 नए विकास कार्यों की स्वीकृति
नगर निगम के सभी 67 वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, सामुदायिक भवन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े 573 नवीन विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत वाले ये कार्य वार्डों की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 800 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनका क्रियान्वयन प्रगति पर है।
स्वच्छता में राष्ट्रीय पहचान – देश के टॉप-10 में कोरबा
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में कोरबा ने देशभर में 8वां स्थान प्राप्त कर टॉप-10 स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाई। यह उपलब्धि शहरवासियों और निगम प्रशासन की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया, 80 इलेक्ट्रॉनिक रिक्शा शामिल किए गए तथा 2 अत्याधुनिक मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराए गए। शहर के पुराने कचरा डंपिंग प्वाइंट समाप्त कर वहां स्मॉल गार्डन विकसित किए गए, जिससे स्वच्छता के साथ सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिला।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ कोरबा का नाम
स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता के लिए आयोजित “स्वच्छता शपथ हस्ताक्षर अभियान” ने इतिहास रच दिया। 280 मीटर लंबे एक बैनर पर मात्र 20 मिनट में 15,500 से अधिक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर विश्व रिकॉर्ड बनाया और कोरबा का नाम Golden Book of World Records में दर्ज हुआ।
जीवनदायिनी हसदेव नदी को मिलेगा प्रदूषण से मुक्ति का वरदान
कोरबा की जीवनरेखा हसदेव नदी को प्रदूषण से मुक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। शहर में 33 एमएलडी क्षमता का अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है।
शहर के 11 प्रमुख नालों का दूषित जल उपचारित कर शुद्ध जल में परिवर्तित किया जाएगा, जिसका उपयोग NTPC अपने संयंत्र संचालन में करेगा। प्लांट के शुरू होने के बाद हसदेव नदी में प्रदूषित जल का प्रवाह पूरी तरह बंद हो जाएगा।
20 एमएलडी जल उपचार संयंत्र से दूरस्थ बस्तियों को राहत
पेयजल संकट से जूझ रही बस्तियों के लिए 20 एमएलडी क्षमता के नए जल उपचार संयंत्र की स्वीकृति बड़ी उपलब्धि है। इसके माध्यम से मोतीसागरपारा, इमलीडुग्गू, भिलाईखुर्द, दादरखुर्द, मानिकपुर, खरमोरा, पीएम आवास दादर, बेलगिरी बस्ती, रूमगरा, कोहड़िया एवं प्रगतिनगर सहित लगभग 58,000 नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में रिकॉर्ड डीपीआर
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 3000 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध नगर निगम ने 4000 से अधिक आवासों का डीपीआर तैयार कर प्रदेश में सर्वाधिक उपलब्धि दर्ज की है। इससे हजारों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का सपना साकार होने की दिशा में मजबूती मिली है।
विकास, विश्वास और नई दिशा का एक वर्ष
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत का यह एक वर्ष का कार्यकाल केवल योजनाओं की घोषणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धरातल पर परिणाम देने वाला सिद्ध हुआ है। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के सहयोग और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में कोरबा आज स्वच्छता, आधारभूत संरचना, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में नई मिसाल बनता जा रहा है।
ऊर्जानगरी कोरबा में विकास की यह रफ्तार आने वाले वर्षों में और तेज होगी — यही शहरवासियों की अपेक्षा और विश्वास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.