दर्री जोन को 3 करोड़ के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात, 28 आंगनबाड़ी भवनों सहित बस स्टाप व सामुदायिक भवन का लोकार्पण


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कोरबा,16 फरवरी 2026
नगर पालिका निगम कोरबा की विकास यात्रा को आज नई गति मिली, जब दर्री जोन के विभिन्न वार्डों में लगभग 3 करोड़ रुपये के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
28 नए आंगनबाड़ी भवनों से सजेगा दर्री जोन
दर्री जोन के अंतर्गत 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से 28 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों में बच्चों को पठन-पाठन, खेलकूद और पौष्टिक आहार जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल क्षेत्र के नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

वार्ड क्रमांक 59 अंतर्गत नवधा पंडाल के पास बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण एवं सामुदायिक भवन मरम्मत कार्य हेतु 15 लाख रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 59 दर्रीखार में एनटीपीसी सीएसआर मद से 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित बस स्टाप यात्री प्रतीक्षालय तथा वार्ड क्रमांक 58 कबीर भवन के पीछे साडा कॉलोनी दर्री में 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया।
“भ्रष्टाचार मुक्त शासन हमारा संकल्प” – लखन लाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त शासन-प्रशासन की दिशा में ठोस कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि दो वर्षों में सरकार ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि पारदर्शिता और विकास की वही परंपरा आज फिर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा, “हम जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। कोरबा के सर्वांगीण विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी।”
“हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” – महापौर संजू देवी राजपूत
महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था और अब उसे संवारने का दायित्व हम सभी पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश तीव्र गति से विकास कर रहा है और कोरबा को भी निरंतर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब लखन लाल देवांगन महापौर थे, तब उन्होंने कोरबा में ऐतिहासिक विकास कार्य कराए और आज भी उनके मार्गदर्शन में शहर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

जनप्रतिनिधियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, कल्याणी यादव, जनक सिंह राजपूत, फिरतराम साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, अयोध्याबाई कंवर, प्रीति दिनेश शर्मा, अजय चन्द्रा, सम्मतकुंवर कंवर, किशन कैवर्त, विनम्र तिवारी, सुखविंद कौर, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नारायण सिंह ठाकुर, तुलसी ठाकुर, तोमेश यादव, नरेन्द्र पाटनवार, लक्ष्य चतुर्वेदी, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह राजपूत, दादूराम यादव, संजय कुर्मवंशी, पूर्णिमा वैष्णव, प्रमिला बाई, नीलिमा तिवारी, अनिल भारिया, अनिल यादव, नवीन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
दर्री जोन में विकास कार्यों की यह श्रृंखला क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। आंगनबाड़ी भवनों से लेकर बस स्टाप और सामुदायिक भवन तक—इन परियोजनाओं से न केवल बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी, बल्कि सामाजिक और शैक्षणिक आधारभूत ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी। कोरबा की विकास यात्रा अब और अधिक रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है।

