August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

(पाली/कोरबा) दीपों की उजास और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच भव्य अंदाज में शुरू हुआ पाली महोत्सव 2026

1 min read

 

 

शिव आरती, दीपोत्सव और आकर्षक आतिशबाजी से आलोकित हुई ऐतिहासिक नगरी, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ शुभारंभ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**   कोरबा, 15 फरवरी 2026। ऐतिहासिक नगरी पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पाली महोत्सव 2026 का भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ हुआ। संध्या लगभग 7 बजे पाली स्थित प्राचीन पाली शिव मंदिर के घाट पर आयोजित शिव आरती और दीपोत्सव ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया। मंदिर परिसर और सरोवर के चारों ओर हजारों दीपों की जगमगाती रोशनी ने अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, मानो पूरा पाली धाम प्रकाश से नहा उठा हो।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, श्रम, उद्योग, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ ही दीपोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई और इसके पश्चात गंगा आरती एवं धूप आरती की दिव्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से सराबोर कर दिया। मंत्री श्री देवांगन ने ऐतिहासिक मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैंकरा तथा पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

 

 

 

प्रशासनिक अमले की सक्रिय उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दीपोत्सव के पश्चात भव्य आतिशबाजी ने आकाश को रंगों से सजा दिया। सरोवर में दीपों की झिलमिलाहट और आसमान में चमकती आतिशबाजी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भक्ति में लीन दिखाई दिए।
पाली महोत्सव 2026 का यह शुभारंभ केवल धार्मिक आयोजन भर नहीं रहा, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उत्सव बनकर उभरा। ऐतिहासिक पाली नगरी एक बार फिर आस्था और उल्लास की रोशनी से जगमगा उठी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.