August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

(रायपुर) कांग्रेस के आंतरिक टकराव पर भाजपा का तीखा प्रहार, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कार्टून

1 min read

 

 

प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने शीर्ष नेतृत्व की भूमिका पर उठाए सवाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**   रायपुर। भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया सेल के प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक कार्टून पोस्ट कर कांग्रेस पार्टी की वर्तमान स्थिति और उसके शीर्ष नेतृत्व की कार्यशैली पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। पोस्ट किए गए कार्टून में यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व स्तर पर असंतोष और अविश्वास की स्थिति बनी हुई है।
कार्टून के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कथित मतभेदों को दर्शाया गया है। इसमें संकेत दिया गया है कि प्रदेश स्तर पर पार्टी की छवि को लेकर चिंता जताई जा रही है, जबकि शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर अधिक केंद्रित दिखाई दे रहे हैं।
मितुल कोठारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि जिस दल के नेता आपसी खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप में उलझे हों, वह जनता के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की आंतरिक स्थिति प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है और पार्टी के भीतर समन्वय का अभाव दिखाई देता है।
भाजपा सोशल मीडिया सेल द्वारा साझा किया गया यह कार्टून राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। समर्थकों और विरोधियों के बीच इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा का कहना है कि यह प्रस्तुति कांग्रेस की वर्तमान राजनीतिक स्थिति का प्रतीक है, जबकि कांग्रेस समर्थक इसे राजनीतिक प्रचार करार दे रहे हैं।
प्रदेश की राजनीति में इस कार्टून पोस्ट के बाद एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आगामी चुनावी समीकरणों के मद्देनज़र इसे भाजपा की रणनीतिक डिजिटल सक्रियता के रूप में भी देखा जा रहा है, जहां सोशल मीडिया को राजनीतिक संवाद का प्रमुख माध्यम बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.