February 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मोती सागर मुक्तिधाम में आस्था का आलोक: 15 फीट ऊंची भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापित, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया पूजन-अनावरण

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**  कोरबा। शहर के मोती सागर बस्ती स्थित मुक्तिधाम परिसर में अब श्रद्धा और शांति का नया प्रतीक स्थापित हो गया है। जेसीआई कोरबा के विशेष प्रयासों से यहां भगवान शंकर की 15 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जो मुक्तिधाम आने वाले लोगों को आध्यात्मिक संबल और मानसिक शांति प्रदान करेगी।
प्रतिमा स्थापना के अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव की प्रतिमा का दर्शन किया तथा अनावरण कर इसे जनसमर्पित किया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और गणमान्यजनों ने इस पहल की सराहना की।
मुक्तिधाम परिसर में अपने स्वर्गीय परिजनों को अंतिम विदाई देने आने वाले परिजनों के दुःख को कुछ हद तक कम करने और उन्हें आध्यात्मिक सहारा देने के उद्देश्य से यह प्रतिमा स्थापित की गई है। 15 फीट ऊंची भगवान भोलेनाथ की दिव्य प्रतिमा परिसर में विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है। प्रतिमा की भव्यता और शांतिमय स्वरूप वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर रहा है।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि जब वे कोरबा के महापौर थे, तब मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया था। किंतु बाद में जेसीआई कोरबा द्वारा इसकी व्यवस्था संभालने के पश्चात यहां की स्वच्छता, सुव्यवस्था और सुविधाएं अत्यंत उत्कृष्ट स्तर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम परिसर में ही भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूर्ण करने से शोकाकुल परिजनों को मानसिक शांति और संबल मिलेगा।
मुक्तिधाम में की गई यह पहल न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।
निश्चित ही यह भव्य प्रतिमा कोरबा के मोती सागर मुक्तिधाम को नई पहचान देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए आस्था और संतुलन का केंद्र बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.