February 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ग्राम जवाली के पांच जोड़ों को मिला सामूहिक विवाह योजना का संबल, खुशियों संग शुरू हुआ नया जीवन

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***// कोरबा,10 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री निर्धन कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत ग्राम जवाली के पांच जोड़ों ने इस वर्ष योजना का लाभ लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। जिला प्रशासन कोरबा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मंगलवार, 10 फरवरी को सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड, पूर्व कोरबा में ग्राम जवाली के नवदंपत्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्राप्त हुआ। शासन की इस योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक निर्धन कन्या के बैंक खाते में 35,000 रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की जाती है, जिससे विवाहोपरांत गृहस्थी बसाने में आर्थिक संबल मिल सके। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने में सतत सहयोग प्राप्त हो रहा है।

 

 

इस योजना का लाभ ग्राम जवाली की निर्धन कन्याओं तक पहुँचाने में पर्यवेक्षक, ग्राम की सभी पांच आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता-सहायिकाएँ एवं सामाजिक स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा। इनके समन्वित प्रयास से पात्र परिवारों का पंजीयन, दस्तावेजीकरण एवं कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित हो सकी।
विवाहोपरांत नवविवाहित जोड़े अपने परिजनों व रिश्तेदारों के साथ खुशी-खुशी समारोह में सम्मिलित हुए। ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना से गरीब परिवारों को न केवल आर्थिक राहत मिलती है, बल्कि बेटियों की विदाई सम्मान और गरिमा के साथ संभव हो पाती है।
मुख्यमंत्री निर्धन कन्या सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर विवाह का बोझ कम करना, फिजूलखर्ची पर रोक लगाना तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। ग्राम जवाली के पांच जोड़ों को मिला यह लाभ योजना की जमीनी सफलता का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.