March 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कड़ी धूप में हुए 260 जोड़ों के फेरे, उमस और अव्यवस्था में भी नहीं टूटी रस्मों की लय

 

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//* कोरबा,10 फरवरी 2026
सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 260 जोड़ों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत की, लेकिन आयोजन के दौरान भीषण गर्मी और तेज धूप ने नवदंपत्तियों व उनके परिजनों की कठिन परीक्षा ले ली। सुबह करीब 9:00 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक लगातार चिलचिलाती धूप और उमस के बीच विवाह की रस्में संपन्न होती रहीं। गर्मी इतनी अधिक थी कि दूल्हा-दुल्हन, परिजन और आम दर्शक पसीने से तर-बतर नजर आए।

 

 

समारोह स्थल पर लगाया गया टेंट गर्मी रोकने में नाकाम रहा। धूप सीधे पंडाल में प्रवेश कर रही थी, जिससे लोगों को खड़े होकर विवाह देखने में भारी परेशानी हुई। विवाह मंडप के चारों ओर खड़े परिजनों व दर्शकों के लिए छाया की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग धूप में ही खड़े रहे। तेज धूप के बीच अग्नि के फेरे और अन्य रस्में निभाना नवदंपत्तियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहा।
शादी देखने पहुंचे लोग गर्मी से बेहाल दिखे। कई परिजन बार-बार पानी की तलाश में इधर-उधर जाते नजर आए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को खास तौर पर असुविधा हुई। आयोजन स्थल पर खड़े होकर विवाह देखने वालों के लिए चारों ओर पर्याप्त टेंट और छाया की व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि परिवारजन आराम से समारोह देख पाते।
भव्य आयोजन के बावजूद व्यवस्थागत कमियाँ साफ नजर आईं। तेज धूप और उमस के बीच लंबे समय तक खड़े रहना लोगों के लिए कष्टदायक रहा। आयोजन में आए नागरिकों का कहना था कि यदि टेंट की समुचित व्यवस्था, हवा-पानी की बेहतर सुविधा और बैठने के पर्याप्त इंतजाम होते तो यह आयोजन और अधिक सुव्यवस्थित व मानवीय बन सकता था।
आयोजन से जुड़ी व्यवस्थागत पहलुओं और अनुभवों पर विस्तृत विवरण अगले अंक में प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.