February 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में 260 जोड़ों ने थामा सात जन्मों का साथ, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बना खुशियों का सेतु

 

 

सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में भव्य सामूहिक विवाह समारोह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का वर्चुअल आशीर्वाद
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**कोरबा, 10 फरवरी 2026/
छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कोरबा जिला आज सामाजिक समरसता, संवेदनशील शासन और समावेशी विकास का सजीव उदाहरण बना। जिला मुख्यालय स्थित सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में जिले के 260 नवविवाहित जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।

 

 

 

इस ऐतिहासिक अवसर को और अधिक गरिमामय बनाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं सफल दांपत्य जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने की दिशा में राज्य सरकार की प्रभावी और संवेदनशील पहल है।

 

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, आबकारी एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक समानता, बेटियों के सम्मान और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शासन का निरंतर प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। इसी सोच का परिणाम है कि आज प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाएँ महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रही हैं। उन्होंने सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन एक ऐसा शुभ अवसर है, जिसमें एक साथ सैकड़ों परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जुड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन का संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी भी बेटी के विवाह में बाधा न बने।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक न्याय की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सरकार की जनकल्याणकारी सोच के कारण आज बेटियों के विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न हो रहे हैं।

 

 

प्रत्येक नववधू को 50 हजार रुपये की सहायता, चेक वितरण के साथ मिली स्मृति-भेंट
इस भव्य सामूहिक विवाह समारोह में कुल 260 नवविवाहित जोड़ों को विवाह संपन्न होने के पश्चात 35-35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन द्वारा नवदंपत्तियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। साथ ही उन्हें प्रणाम पत्र एवं विवाह की स्मृति स्वरूप फोटोग्राफ भी प्रदान किए गए।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक नववधू को कुल 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें से 35 हजार रुपये सीधे कन्या को चेक अथवा बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से, 7 हजार रुपये वर-वधू के परिधान एवं श्रृंगार सामग्री हेतु तथा 8 हजार रुपये विवाह आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। इस योजना का लाभ गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पात्र परिवारों को प्रदान किया जाता है। योजना का उद्देश्य समाज में फिजूलखर्ची पर रोक लगाना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर अंकुश लगाना तथा गरीब परिवारों की बेटियों की विदाई सम्मान और गरिमा के साथ सुनिश्चित करना है।
दिव्यांगजन एवं पीवीटीजी जोड़ों ने भी रचाया नया जीवन
इस सामूहिक विवाह समारोह में सामाजिक समावेशिता की प्रेरक झलक देखने को मिली। समारोह में 02 दिव्यांगजन एवं 02 विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) समुदाय के वर-वधू भी पूरे विधि-विधान के साथ परिणय सूत्र में बंधे और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत निर्धारित सभी लाभ प्राप्त किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधिगण, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बसंत मिंज सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.