सहयोग केंद्र बना समाधान का केंद्र, 225 मुद्दों पर 142 आवेदनों की सीधी सुनवाई






कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर तुरंत एक्शन, फाइलों में नहीं दबेंगी शिकायतें
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र मंगलवार को कार्यकर्ताओं के लिए उम्मीद और समाधान का मजबूत मंच बनकर उभरा। विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, सुझाव और मांगें सीधे सहयोग केंद्र में प्रस्तुत कीं। इस दौरान 225 विषयों से जुड़े कुल 142 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि करीब 400 कार्यकर्ता अपनी बात रखने और समाधान की उम्मीद लेकर सहयोग केंद्र पहुंचे।

सहयोग केंद्र में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, ताकि कार्यकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह संदेश साफ दिया गया कि कार्यकर्ता की समस्या प्राथमिकता है और हर आवेदन पर जवाबदेही तय होगी।
कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अड़चनों, स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों, जनहित से संबंधित प्रकरणों और संगठनात्मक विषयों पर आवेदन प्रस्तुत किए। सहयोग केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर उपस्थित कार्यकर्ताओं में संतोष नजर आया। उनका कहना था कि समस्याओं को सुनने और समाधान की ठोस पहल से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल मजबूत होता है।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं सहयोग केंद्र से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने आवेदनों के वर्गीकरण, प्राथमिकता निर्धारण और संबंधित विभागों तक प्रकरण पहुंचाने की व्यवस्था संभाली। सहयोग केंद्र के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर आवेदन दर्ज हो, हर विषय पर फॉलो-अप हो और समाधान समयबद्ध तरीके से निकले।
कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि सहयोग केंद्र आगे भी इसी तरह संवाद और समाधान का भरोसेमंद मंच बना रहेगा, जिससे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा और जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा।





