विकसित भारत 2047’ के संकल्प का रोडमैप है केंद्रीय बजट — नवोत्थान, वैश्विक नेतृत्व और समावेशी विकास का ब्लूप्रिंट : मनोहर लाल






प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान — छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध
‘यह केवल बजट नहीं, अगले 25 वर्षों के भारत निर्माण का विज़न डॉक्यूमेंट है’
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** रायपुर केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने केंद्रीय बजट को नवोत्थान, आत्मनिर्भरता और वैश्विक भारत की प्रतिष्ठापना का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का दूरदर्शी रोडमैप है। केंद्रीय मंत्री रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुँचने के पश्चात आयोजित भव्य प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि इस बजट में देश के अगले 25 वर्षों के समग्र विकास की स्पष्ट दिशा दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यह बजट राष्ट्र के सामाजिक, आर्थिक और अधोसंरचनात्मक विकास को नई गति देने वाला एक विजन डॉक्यूमेंट है, जो भारत को विश्व मंच पर और अधिक सशक्त भूमिका में स्थापित करेगा।

उन्होंने एक महत्वपूर्ण तथ्य साझा करते हुए बताया कि यह बजट पहली बार ‘कर्तव्य भवन’ (वित्त मंत्रालय के नए परिसर) में तैयार किया गया है, जो अपने आप में नये भारत की प्रशासनिक कार्यसंस्कृति और पारदर्शिता का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के बजट भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट तीन विशेष कर्तव्यों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक रूप से सशक्त बनाएंगे।
श्री मनोहर लाल ने बताया कि इस बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को भी स्वीकार किया गया है, जिससे आगामी पाँच वर्षों के लिए केंद्र एवं राज्यों के विकास की स्पष्ट रूपरेखा तय होगी। इससे राज्यों को संसाधनों के बेहतर वितरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस बजट के प्रावधानों से देश में बिजली उत्पादन, ऊर्जा क्षेत्र, बुनियादी ढांचे के विस्तार, शहरी विकास, आवास सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। राज्य में अधोसंरचना, ऊर्जा, आवास, नगरीय सुविधाओं और औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर नई ऊँचाइयों को छू सके।
प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी, सांसद व मुख्य प्रवक्ता श्री संतोष पाण्डेय, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता श्री अमित चिमनानी, श्री शिवनारायण पाण्डेय एवं श्री प्रमोद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।





