जनसेवा का सशक्त मंच बना सहयोग केंद्र’: मंत्री लखनलाल देवांगन ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का किया त्वरित समाधान






कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जनसुनवाई, 36 आवेदनों पर मौके पर कार्रवाई
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में गुरुवार को कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने संगठन के कार्यकर्ताओं एवं आमजन से सीधी भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्राप्त आवेदनों पर त्वरित निराकरण किया। इस अवसर पर सहयोग केंद्र में लगभग 100 से अधिक लोग पहुंचे, जिन्होंने विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों से जुड़े अपने आवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री श्री देवांगन ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार और संगठन दोनों की प्राथमिकता है।
कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारा दायित्व है। सहयोग केंद्र जैसे मंचों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और शासन के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तेज हुई है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री यशवंत जैन एवं सहयोग केंद्र प्रभारी श्री सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने सहयोग केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि यह केंद्र निरंतर रूप से कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
कार्यकर्ताओं ने सीधे मंत्री से संवाद का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई से संगठन में विश्वास और सक्रियता बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई तथा आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।





