March 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

115 वर्षों के इतिहास में पहली बार: तिलकेजा विद्यालय में होगा ऐतिहासिक एलुमनी मीट

 

 

88 वर्ष के वरिष्ठतम छात्र से 20 वर्षीय युवाओं तक, सवा सौ साल की स्मृतियों का होगा महासंगम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **// तिलकेजा 31 जनवरी 2026
क्षेत्र के सबसे प्राचीन और गौरवशाली शिक्षण संस्थानों में शामिल शासकीय विद्यालय तिलकेजा (पीएमश्री सेजेस तिलकेजा) में 115 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास में पहली बार भूतपूर्व छात्रों का भव्य स्नेह मिलन समारोह (Alumni Meet) आयोजित किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 31 जनवरी 2026, शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रातः 10:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक संपन्न होगा।
वर्ष 1910 से भी पहले स्थापित माने जाने वाले इस विद्यालय से पढ़कर निकले सैकड़ों विद्यार्थी आज प्रशासन, शिक्षा, राजनीति, समाजसेवा, व्यापार, तकनीकी, चिकित्सा एवं अन्य विविध क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बुजुर्गों के अनुसार इस विद्यालय का इतिहास सवा सौ वर्ष से भी अधिक पुराना है, और इतने लंबे कालखंड में पहली बार पूर्व छात्रों का औपचारिक मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है।
इस ऐतिहासिक एलुमनी मीट में 88 वर्ष की आयु के वरिष्ठतम भूतपूर्व छात्र से लेकर लगभग 20 वर्ष की आयु के युवाओं तक करीब 400 पूर्व छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित मानी जा रही है। यह आयोजन केवल एक मिलन समारोह नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी पहचान और अपने विद्यालय के गौरव को पुनर्जीवित करने का महोत्सव होगा।
कार्यक्रम का आयोजन शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के अध्यक्ष श्री किशन साव के नेतृत्व में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन विद्यालय के गौरवशाली अतीत को वर्तमान से जोड़ते हुए भविष्य की पीढ़ी को प्रेरित करने का एक सशक्त मंच बनेगा। विद्यालय के प्राचार्य के साथ-साथ आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी शाला प्रबंधन समिति निभा रही है।
‘अपनी माटी – अपना गौरव’ के भाव के साथ होगा आयोजन
आयोजकों के अनुसार एलुमनी मीट का उद्देश्य केवल आपसी मिलन नहीं, बल्कि
पूर्व छात्रों के अनुभवों से वर्तमान छात्रों को प्रेरित करना,
विद्यालय के गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ना,
और यह संदेश देना कि साधारण पृष्ठभूमि से भी असाधारण भविष्य गढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र अपने जीवन अनुभव साझा करेंगे, अपने परिचय से विद्यालय को गौरवान्वित करेंगे तथा वर्तमान विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और मेहनत के लिए प्रेरित करेंगे। आयोजन को मनोरंजक, भावनात्मक और प्रेरणादायी स्वरूप देने की भी तैयारी की गई है।
क्षेत्र में बना ऐतिहासिक आयोजन को लेकर उत्साह
तिलकेजा एवं आसपास के क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वर्षों बाद अपने सहपाठियों, वरिष्ठों और कनिष्ठों से मिलने का अवसर मिलने से भूतपूर्व छात्रों में भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट नजर आ रहा है। यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभर रहा है।
कार्यक्रम विवरण
📅 दिनांक: 31 जनवरी 2026 (शनिवार)
📍 स्थान: शासकीय विद्यालय तिलकेजा (पीएमश्री सेजेस तिलकेजा)
⏰ समय: प्रातः 10:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक
इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजकों ने सभी भूतपूर्व छात्रों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस स्नेह सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं और अपने विद्यालय के गौरवशाली अध्याय में एक स्वर्णिम पृष्ठ जोड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.