कोरबा में विकास की दोहरी सौगात: वार्ड 56 में ₹2 करोड़ से बनेगा आरसीसी नाला, सरदार पटेल चौक का ₹38 लाख से होगा कायाकल्प






उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन व महापौर संजू देवी राजपूत ने किया भूमिपूजन, कोरबा की विकास यात्रा ने पकड़ी नई रफ्तार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//* कोरबा,29 जनवरी 2026
नगर पालिक निगम कोरबा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 56 (लाटा) में 02 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाला निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 58 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक में 38 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में इन दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दर्री जोन के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 56 में पी.एम.ए.वाई. साइट से लाटा तालाब तक 02 करोड़ रुपये की लागत से आर.सी.सी. नाला निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी जलनिकासी समस्या का स्थायी समाधान होगा। वहीं, वार्ड क्रमांक 58 में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक में 38 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने से शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।
आज पृथक-पृथक आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रमों में दोनों विकास कार्यों का भूमिपूजन उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत द्वारा विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, सहित अनेक वार्ड पार्षद, एम.आई.सी. सदस्य एवं जनप्रतिनिधिगण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक निर्णयों से बढ़ा देश का मान-सम्मान
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों के लिए विश्वभर में पहचाने जाते हैं। उनके निर्णयों से न केवल भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है, बल्कि विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता भी सशक्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश का चहुंमुखी विकास तेजी से हो रहा है और उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा प्रारंभ की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को पूर्ववर्ती सरकार ने बंद कर दिया था, जिन्हें अब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा पुनः प्रारंभ किया गया है, साथ ही नई जनहितकारी योजनाओं को भी लागू किया गया है।
कोरबा के विकास पर बोलते हुए श्री देवांगन ने कहा कि नगर निगम के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य लगातार जारी हैं। बीते दो वर्षों में लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं, कई प्रगतिरत हैं और अनेक नए कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड क्रमांक 56 में सार्वजनिक मंच निर्माण तथा सी.सी. रोड निर्माण की भी घोषणा की।
कोरबा की विकास यात्रा ने पकड़ी नई गति : महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि विगत कुछ वर्षों से रुकी हुई कोरबा की विकास यात्रा अब पूरी गति से आगे बढ़ रही है। वार्डों और बस्तियों में निरंतर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता की जो भी विकास संबंधी मांगें सामने आ रही हैं, उन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि कोरबा की इस विकास यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री व कोरबा विधायक श्री लखनलाल देवांगन का पूरा मार्गदर्शन और सहयोग मिल रहा है।

जनता की उम्मीदों पर खरे उतर रहे जनप्रतिनिधि
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरबा की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत को आशीर्वाद दिया था, आज दोनों जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि कोरबा की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्राप्त होता रहे।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, पार्षद विनम्र तिवारी, श्रीमती सुखविंदर कौर, एम.आई.सी. सदस्य फिरतराम साहू, पार्षद मुकुंद सिंह कंवर, किशन केंवट, जनक राजपूत, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, पूर्व पार्षद राधेलाल यादव, बुधवारसाय यादव, कविता राजपूत, संजय कुर्मवंशी, रतन सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष ईश्वर साहू, पूर्व एल्डरमेन तुलसी ठाकुर, नारायण सिंह ठाकुर, लक्ष्य चतुर्वेदी, नरेन्द्र पाटनवार, अनिल यादव, राज जायसवाल, किशोर साहू, विजय मिर्री, भूपेन्द्र साहू, विजय अग्रवाल, प्रमोद शुक्ला, नीलम दुग्गल, नीलम शुक्ला, उषा ठाकुर, गजाधर यादव, राकेश राय, टेकलाल वर्मा, करीम शेख, ओम यादव, उमेश साहू, पूर्णिमा महंत, बंधन महंत, विनय कुमारी तिवारी, रमेश जादूगर, सुबोध सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।





