‘अटल स्मृति भवन’ से गढ़ी जाएगी भाजपा की अगली पीढ़ी की राजनीति






कोरबा में संगठन विस्तार का ऐतिहासिक अध्याय शुरू, सेवा-संवाद-संस्कार का बनेगा आधुनिक केंद्र
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/*भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के संगठनात्मक इतिहास में एक नया और निर्णायक अध्याय जुड़ गया, जब नवीन जिला कार्यालय के भूमिपूजन अवसर पर भव्य मीडिया संवाद सह भेंटवार्ता कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब, तिलक भवन, टी.पी. नगर, कोरबा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि भाजपा के भविष्य के संगठनात्मक स्वरूप, वैचारिक दिशा और जनसेवा संकल्प का स्पष्ट संदेश लेकर आया।
इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, रायपुर संभाग के सह-प्रभारी डॉ. श्री राजीव सिंह एवं युवा मोर्चा जिला महामंत्री श्री नरेंद्र देवांगन की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के साथ खुला, सार्थक और तथ्यपूर्ण संवाद हुआ।
‘सेवा ही संगठन है’— इसी विचार पर बनेगा अटल स्मृति भवन
मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला “सेवा ही संगठन है” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए एक भव्य, आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त जिला कार्यालय के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए बताया कि कोरबा के नवीन भाजपा जिला कार्यालय का नामकरण “अटल स्मृति भवन” के रूप में किया गया है, जो भारत रत्न, राष्ट्रनायक स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण की भावना का प्रतीक होगा।
श्री मोदी ने जानकारी दी कि यह नया जिला कार्यालय लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर निर्मित किया जाएगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन केवल प्रशासनिक कार्यालय नहीं, बल्कि
संगठनात्मक बैठकों,
कार्यकर्ता प्रशिक्षण,
वैचारिक मंथन,
जनसंवाद और
जनसेवा गतिविधियों
का केन्द्रीय मंच बनेगा। विशेष रूप से दूर-दराज़ ग्रामीण अंचलों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए यह कार्यालय संगठन की शक्ति और सहारा बनेगा।

भाजपा के संगठनात्मक इतिहास से भविष्य की ओर
अपने संबोधन में श्री मोदी ने भाजपा के संगठनात्मक इतिहास को भी स्मरण करते हुए बताया कि कोरबा में पूर्व भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन 16 जनवरी 1991 को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष श्री लखीराम अग्रवाल के कर-कमलों से संपन्न हुआ था तथा उसका लोकार्पण 24 मार्च 1993 को भाजपा के महान संगठनकर्ता स्व. कुशाभाऊ ठाकरे द्वारा किया गया था।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘अटल स्मृति भवन’ केवल ईंट-पत्थरों से बना भवन नहीं होगा, बल्कि यह भाजपा की
विचारधारा, संस्कार, अनुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को और अधिक सशक्त करने वाला वैचारिक केंद्र बनेगा, जहाँ से संगठन की भावी रणनीतियां और जनसेवा के अभियान संचालित होंगे।
नेतृत्व और संगठन के बीच मजबूत सेतु
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं ने भी संगठन के विस्तार, भाजपा की जनकल्याणकारी राजनीति और कोरबा जिले में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अपने विचार साझा किए। मीडिया के सवालों का आत्मविश्वास और तथ्यात्मकता के साथ उत्तर देकर यह स्पष्ट किया गया कि भाजपा केवल सत्ता की नहीं, बल्कि सेवा, संवाद और संस्कार की राजनीति करती है।
उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ सार्थक संवाद
इस अवसर पर पूर्व महापौर श्री जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, एमआईसी सदस्य श्री हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विकास अग्रवाल, जिला महामंत्री श्री संजय शर्मा, श्री अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष श्री अजय पांडेय, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम पूरे उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ, जहाँ भाजपा की भावी योजनाओं, संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा संकल्प पर गंभीर और सार्थक संवाद देखने को मिला।





