February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

साकेत भवन में फहराया तिरंगा, विकास–स्वच्छता–सुशासन की गूंज के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस

 

महापौर संजू देवी राजपूत ने दिलाया लोकतंत्र, कर्तव्य और स्वच्छ कोरबा के संकल्प का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//*कोरबा,27 जनवरी 2026
देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में गरिमामय, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने साकेत परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
इस अवसर पर सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, एम.आई.सी. सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महापौर श्रीमती राजपूत ने इस अवसर पर नगरवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों पर चलने का आह्वान किया।

 

हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के गौरवशाली नागरिक हैं – महापौर
अपने उद्बोधन में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारतीय गणराज्य के नागरिक हैं, जहाँ लोकतंत्र अपने सच्चे स्वरूप में विद्यमान है और हम सभी इसके अभिन्न अंग हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में राज्य सरकार ने विकास की नई इबारत लिखी है। किसानों, मजदूरों, श्रमिकों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए दर्जनों योजनाएं संचालित की गईं और सैकड़ों जनहितकारी निर्णय लिए गए, जिनका लाभ प्रदेश के लाखों-करोड़ों नागरिकों को मिला है।
महापौर ने बताया कि विगत दो वर्षों में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई, जिससे नगर के विकास को नई गति और ऊर्जा मिली। जनता की आवश्यकताओं, मांगों और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इस हेतु उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव जी तथा उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन जी के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

 

 

स्वच्छता में ऐतिहासिक उपलब्धियां, कोरबा बना देश का टॉप-10 शहर
महापौर श्रीमती राजपूत ने निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय को बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन में नगर निगम कोरबा ने स्वच्छता, विकास एवं नगर व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ महीनों में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। नागरिकों, माताओं-बहनों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और शहर का स्वरूप बदला है।
इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा ने देश में 8वीं रैंक प्राप्त कर टॉप-10 शहरों में स्थान बनाया, जबकि गत वर्ष कोरबा की रैंक 24वीं थी। इसके साथ ही कोरबा को वाटर प्लस, 03 स्टार रेटिंग एवं ओडीएफ प्लस-प्लस की उपलब्धि भी प्राप्त हुई है।
महापौर ने कहा कि ये सभी उपलब्धियां निगम के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों की मेहनत और संकल्प शक्ति का परिणाम हैं।
उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी अधिकारी-कर्मचारियों से आह्वान किया कि आने वाले समय में भी स्वच्छता, सर्वांगीण विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं की बेहतरी के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करें।
हम लोक सेवक हैं, नागरिक हित सर्वोपरि – सभापति नूतन सिंह ठाकुर
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें याद दिलाता है कि हमने संविधान के अनुसार चलने और लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी लोक सेवक हैं और हमारा पहला दायित्व नागरिकों के हितों की रक्षा करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल भारत और सबका साथ–सबका विकास के संकल्प को पूरा करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।
कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होता है – आयुक्त आशुतोष पाण्डेय
नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी सुरक्षा व मजबूती हम सभी का परम कर्तव्य है।
उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि कोरबा शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश के प्रदूषण मुक्त शहरों में कोरबा 13वें स्थान पर है।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 में सर्वाधिक डीपीआर बनाकर कोरबा प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है, वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के क्रियान्वयन में भी तेजी से कार्य हो रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय द्वारा नगर निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, उप अभियंता गुलिस्ता साहू, कार्यालय अधीक्षक रामसिंह नेताम, सहायक राजस्व निरीक्षक उत्तम राठौर, सी.एल.टी.सी. धवल शर्मा, सहायक ग्रेड-2 तीजराज साहू, सहायक ग्रेड-3 परमेश्वर शर्मा, आदर्श दहायत, एनयूएलएम से परविन बेगम, कंप्यूटर ऑपरेटर अजय धीवर, चालक मनमोहन दीप, उद्यान शाखा से पनीतलाल यादव, जलप्रदाय शाखा से रितेश चंद्रा, विद्युत शाखा से दीपक निर्मलकर सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख रूप से उपस्थित
समारोह में एम.आई.सी. सदस्य ममता यादव, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, रूबी देवी सागर, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, बी.पी. त्रिवेदी, पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता अखिलेश शुक्ला, भूषण उरांव, विनोद शांडिल्य, एन.के. नाथ, तपन तिवारी, प्रकाश चंद्रा, राकेश मसीह, सुनील तांडे, लीलाधर पटेल, संपदा अधिकारी अनिरुद्ध सिंह, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.