शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लेमरू में धूमधाम से मनाई गई 77वीं गणतंत्र दिवस वर्षगांठ, देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर






ध्वजारोहण कर मंडल अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने दिया राष्ट्रएकता और सशक्त भारत का संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** लेमरू * देश की 77वीं गणतंत्र दिवस वर्षगांठ के पावन अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लेमरू में गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाला प्रबंधन समिति एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री हरिशंकर यादव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण उपरांत राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर आयोजित संबोधन में मंडल अध्यक्ष श्री हरिशंकर यादव ने देश की वर्तमान स्थिति और राष्ट्रीय एकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा धारा 370 जैसे कानूनों को समाप्त कर ‘एक निशान, एक विधान’ की भावना को सशक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक जैसी कुप्रथाओं को खत्म कर भारतीय जनता पार्टी ने देश में एक नई और मजबूत पहचान बनाई है।
उन्होंने आगे कहा कि आज देश में अलगाववाद, आतंकवाद और नक्सलवाद पर निर्णायक कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप कई स्थानों पर नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। भारत आज वैश्विक मंच पर अपने पराक्रम और शक्ति का परिचय दे चुका है और देश की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है।
गणतंत्र दिवस समारोह को सांस्कृतिक रंग देते हुए विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी सहित अन्य पारंपरिक गीतों एवं नृत्यों पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लेमरू की सरपंच श्रीमती रजनी तंवर, सुरेंद्र सिंह, रामायण सिंह, जोधन देवांगन, जोगेश्वर यादव, विद्यालय के प्राचार्य श्री महेन्द्र कुमार रात्रे, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा, अनुशासन और संविधान के मूल्यों पर चलने की प्रेरणा दी।
समारोह का समापन राष्ट्रगौरव, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम ने सभी उपस्थित लोगों के मन में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संचार किया।





