February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में बालको ने मनाया 77वां गणतंत्र दिवस, समावेशिता और राष्ट्रनिर्माण का दिखा भव्य स्वरूप

 

उत्पादन के साथ सामाजिक और सर्वांगीण विकास बालको की प्राथमिकता : सीईओ राजेश कुमार
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//बालकोनगर,27 जनवरी 2026
वेदांता समूह की प्रमुख इकाई भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम, बालकोनगर में भारत के 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत गरिमामय, भव्य और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे स्टेडियम में देशभक्ति, एकता और संवैधानिक मूल्यों की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा विविधता, समानता और समावेशिता के सशक्त संदेश के रूप में एक ट्रांस महिला के नेतृत्व में प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। सीईओ श्री कुमार ने सुरक्षा कर्मियों की अनुशासित, जोशपूर्ण और समर्पित परेड की विशेष रूप से सराहना की।

 

 

गणतंत्र दिवस समारोह को और अधिक रंगीन बनाते हुए बालको एवं आसपास के क्षेत्रों के 10 विद्यालयों के 1,900 से अधिक छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और विविध कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, एकता और साझा विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर बालको द्वारा आकर्षक झांकियों की भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। झांकियों में पॉटलाइन, पावर, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन, फायर सेफ्टी सहित कंपनी के विभिन्न व्यावसायिक और सुरक्षा कार्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। इन झांकियों के माध्यम से बालको की समावेशी विकास, सुरक्षा संस्कृति और सामूहिक प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
भारत की विकास यात्रा में बालको की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सीईओ श्री राजेश कुमार ने कहा कि,
“बालको में हम राष्ट्र निर्माण को एक साझा जिम्मेदारी मानते हैं। कंपनी उत्पादन के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। एल्यूमिनियम उद्योग के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में हम अपनी औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करते हुए सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास को अपने कार्यों का अभिन्न हिस्सा बनाए रखते हैं। समुदायों और साझेदारों के साथ मिलकर दीर्घकालिक मूल्य सृजन करना और भारत की प्रगति में योगदान देना हमारा उद्देश्य है, जिसमें हमारी 1 मिलियन टन विस्तार योजना एक महत्वपूर्ण कदम है।”

 

 

समारोह के दौरान आयोजित नगर गौरव पुरस्कार समारोह में बालकोनगर क्षेत्र के सेंट्रल बोर्ड एवं छत्तीसगढ़ बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं ₹10,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
कक्षा 12वीं के दो टॉप विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं लैपटॉप देकर उनके परिजनों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही परेड एवं झांकी प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के पश्चात सीईओ श्री राजेश कुमार ने बालको अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। यह पहल समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति बालको की निरंतर सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस भव्य गणतंत्र दिवस समारोह में 6,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, व्यावसायिक साझेदार, उनके परिवारजन, यूनियन के पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर एकता, राष्ट्रगौरव और संवैधानिक मूल्यों का उत्सव मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.