February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

केसीसी परिसर में देशभक्ति का उत्सव, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

 

संविधान और राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका पर निर्देशक राजेश अग्रवाल ने दिया प्रेरक संदेश

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से संबद्ध कोरबा कम्प्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के निर्देशक श्री राजेश अग्रवाल जी के मुख्य आतिथ्य में, कोरबा शिक्षण समिति की कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना अग्रवाल, महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं पालकों की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।
परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री राजेश अग्रवाल जी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं महान विभूतियों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और गरिमापूर्ण बना दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में सर्वप्रथम गणेश वंदना की प्रस्तुति बीसीए अंतिम वर्ष की दिव्यारानी एवं स्नेहा तथा बीबीए अंतिम वर्ष की स्वास्तिका द्वारा दी गई। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा ओजस्वी भाषणों, देशभक्ति गीतों और कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने दर्शकों में देशप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया।
कार्यक्रम में ईरविन कुमार, सहायक प्राध्यापक उमाकांत कैवर्त, पियूश साहू, राखी सोनवानी, सिमरन कौर, डीसीए की छात्राएँ कविता एवं अनुराधा, पीजीडीसीए से रोशनी प्रिया तथा बीबीए अंतिम वर्ष की स्वास्तिका द्वारा गणतंत्र दिवस के महत्व पर सारगर्भित भाषण प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात सहायक प्राध्यापक मेधा सोनी, रीना लहरे एवं सुरभि राठौर द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत राष्ट्रगान एवं कविता पाठ किया गया।

 

 

कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जावान बनाते हुए सहायक प्राध्यापक सुरभि कुंडू, बालीदास महंत, पीजीडीसीए की छात्राएँ पूजा, करिश्मा एवं फिजा तथा बीसीए अंतिम वर्ष की प्रिया द्वारा क्रमशः देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अगली कड़ी में डीसीए की अनुराधा ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं पीजीडीसीए की छात्राएँ तानिया, जयंती एवं श्वेता श्याम ने मनमोहक छत्तीसगढ़ी नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके साथ ही प्रिंसी, वर्षा, अमीषा, वीनस एवं मोनिका द्वारा प्रस्तुत जोशपूर्ण सामूहिक नृत्य ने पूरे परिसर को देशभक्ति के जोश से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर केसीसी के निर्देशक श्री राजेश अग्रवाल जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, संविधान के सम्मान और देश की प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के कारण ही आज भारत एक विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर निरंतर अग्रसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और समाज में उनकी एक सकारात्मक पहचान बनती है। अपने ओजस्वी शब्दों में उन्होंने 1950 में गणतंत्र की स्थापना से लेकर वर्तमान विकसित भारत तक शिक्षित युवाओं के योगदान पर प्रकाश डाला तथा बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी आज किस प्रकार नई ऊँचाइयों को छू रही है। उन्होंने केसीसी में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन बीसीए अंतिम वर्ष के तरुण एवं बीसीए प्रथम वर्ष की नेहा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकगण रीना लहरे, बालीदास महंत, सुरभि कुंडू, ईरविन कुमार, सुरभि राठौर, मेधा सोनी, उमाकांत कैवर्त, सिमरन कौर, राखी सोनवानी, पियूश साहू तथा छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.