दिल्ली में 27 जनवरी को होगी भाजपा राष्ट्रीय महिला समन्वय समिति की अहम बैठक एवं कार्यशाला
1 min read



महिला सशक्तिकरण और संगठन विस्तार पर मंथन, छत्तीसगढ़ से शीर्ष महिला पदाधिकारी होंगी शामिल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक मजबूती को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भाजपा राष्ट्रीय महिला समन्वय समिति की बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन 27 जनवरी 2026 को दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में किया जा रहा है। यह बैठक राष्ट्रीय स्तर पर महिला नेतृत्व को दिशा देने एवं आगामी रणनीतियों को अंतिम रूप देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस उच्चस्तरीय बैठक एवं कार्यशाला में छत्तीसगढ़ प्रदेश की ओर से भाजपा महिला मोर्चा एवं पार्टी संगठन की वरिष्ठ महिला पदाधिकारी सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगी। बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी तथा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया शामिल होंगी।
बैठक एवं कार्यशाला के दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों, संगठन के भीतर महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने, महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी चुनावी एवं सामाजिक अभियानों की रूपरेखा तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्यों में संचालित महिला हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठन के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति की महिलाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विशेष चर्चा होगी।
भाजपा नेतृत्व द्वारा इस बैठक को महिला नेतृत्व के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं समन्वय का सशक्त मंच माना जा रहा है, जहां देशभर से आई महिला प्रतिनिधियों के अनुभवों के आदान-प्रदान के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
छत्तीसगढ़ से सम्मिलित हो रहीं वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों की उपस्थिति को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है, जिससे राष्ट्रीय मंच पर राज्य की महिला नेतृत्व की सशक्त भूमिका और प्रभाव स्पष्ट रूप से सामने आएगा।


