गणतंत्र दिवस पर साक्षरता का महापर्व: कोरबा जिले की 412 ग्राम पंचायतों में लगेगा ‘उल्लास मेला’






पूर्ण साक्षर जिला बनाने की दिशा में बड़ा अभियान, पढ़ना-लिखना से लेकर डिजिटल और वित्तीय साक्षरता तक मिलेगी सीख

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर कोरबा जिले में एक ऐतिहासिक और व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिला साक्षरता विभाग के तत्वावधान में जिले की समस्त 412 ग्राम पंचायतों में एक साथ ‘उल्लास मेला’ आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से निरक्षर एवं अल्प-साक्षर नागरिकों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस उल्लास मेले का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाना है, जो अब तक पढ़ना-लिखना नहीं सीख पाए हैं, ताकि उन्हें अक्षर ज्ञान के साथ-साथ जीवन उपयोगी बुनियादी कौशल सीखने का अवसर मिल सके। यह मेला न केवल साक्षरता अभियान है, बल्कि आत्मनिर्भर और जागरूक समाज निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल भी है।
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन के अध्यक्ष श्री कुणाल दुदावत ने उल्लास मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उल्लास मेला जिले को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में एक निर्णायक और ऐतिहासिक कदम है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
उल्लास मेले के दौरान ग्रामीणों को पढ़ना-लिखना, जोड़-घटाना जैसे बुनियादी गणितीय कौशल, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग व ऑनलाइन लेन-देन की जानकारी तथा रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाले व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे। प्राथमिक विद्यालयों में विशेष शैक्षणिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां खेल-खेल में सीखने की अभिनव व्यवस्था की गई है, ताकि बच्चे और बड़े समान रूप से सीखने के प्रति उत्साहित हों।
मेले में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रभात फेरी, नारा लेखन, मशाल रैली एवं मुनादी के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में ग्राम पंचायतें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी शिक्षक एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इसी क्रम में जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा एवं करतला विकासखंड परियोजना अधिकारी श्री लोकनाथ सेन द्वारा आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिधोरी संकुल में ग्रामीणों एवं बच्चों को ‘साक्षर ग्राम’ बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थितजनों को शिक्षा के महत्व और साक्षरता के सामाजिक लाभों की जानकारी भी दी गई।
जिला प्रशासन एवं साक्षरता विभाग का विश्वास है कि उल्लास मेला के माध्यम से जनभागीदारी को सशक्त बनाकर कोरबा जिले को शीघ्र ही पूर्ण साक्षर जिला घोषित करने की दिशा में ठोस सफलता प्राप्त होगी।





