March 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

बसंत पंचमी के पावन पर्व पर कृष्णा ग्रुप का 52वाँ स्थापना दिवस श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न

 

श्री कृष्णा कॉर्पोरेट ऑफिस में माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना, खिचड़ी प्रसाद वितरण एवं समूह की गौरवशाली यात्रा का स्मरण
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//कोरबा 23 जनवरी 2026 
बसंत पंचमी के पावन एवं शुभ अवसर पर श्री कृष्णा हुंडई के कॉर्पोरेट कार्यालय में माँ सरस्वती जी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कृष्णा ग्रुप का 52वाँ स्थापना दिवस अत्यंत श्रद्धा, आस्था एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह अवसर न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा, बल्कि कृष्णा ग्रुप की पाँच दशकों से अधिक की प्रेरणादायी यात्रा, उपलब्धियों एवं सामाजिक योगदान के स्मरण का भी साक्षी बना।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1974 में बसंत पंचमी के शुभ दिन ही कृष्णा ग्रुप की आधारशिला रखी गई थी, जब समूह के अंतर्गत सर्वप्रथम अमरनाथ अग्रवाल एंड कम्पनी, तिरूपति बजाज, अशोक इलेक्ट्रिकल्स एंड हार्डवेयर्स तथा अशोक एंड कम्पनी की स्थापना की गई। इसके पश्चात आने वाले वर्षों में भी बसंत पंचमी के पावन पर्व को ही शुभ मानते हुए कृष्णा हुंडई, कृष्णा होंडा, कृष्णा किया, कृष्णा टाटा सहित समूह के अन्य प्रतिष्ठानों की स्थापना की गई।
इस प्रकार बसंत पंचमी और कृष्णा ग्रुप का संबंध आस्था, परंपरा और निरंतर प्रगति का प्रतीक बन गया है।
इस वर्ष बसंत पंचमी पर कृष्णा ग्रुप की स्थापना के 52 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को विशेष रूप से भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 12.00 बजे माँ सरस्वती जी की विशेष आरती, वंदना एवं पूजन संपन्न हुआ। मंदिर के प्रमुख पुजारी सोमदत्त महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई।
पूजा उपरांत भगवान को भोग अर्पित किया गया, जिसके पश्चात दोपहर 1.00 बजे से 3.00 बजे तक श्रद्धालुओं हेतु खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित सभीजनों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
इस गरिमामय एवं ऐतिहासिक अवसर पर कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन श्री अशोक मोदी जी, डायरेक्टर श्री हार्दिक मोदी, श्रीमती अंकिता मोदी, श्रीमती निकिता मोदी की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कृष्णा हुंडई कॉर्पोरेट कार्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं समूह के सदस्य बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
समारोह के दौरान कृष्णा ग्रुप की 52 वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा, व्यवसायिक उपलब्धियों, गुणवत्ता एवं विश्वास के साथ किए गए विस्तार तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को भी स्मरण किया गया। समूह द्वारा शिक्षा, सेवा एवं समाजहित के कार्यों में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी निरंतर प्रगति, नवाचार एवं सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और उल्लास से परिपूर्ण रहा, जिसने कृष्णा ग्रुप की सुदृढ़ परंपराओं और उज्ज्वल भविष्य की झलक प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.