कोरबा को विकास की ऐतिहासिक सौगात: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने साढ़े़ 47 करोड़ रुपये के बहुप्रतीक्षित कार्यों का नारियल तोड़कर किया शुभारंभ






सड़क, कॉलेज व स्कूल भवन निर्माण सहित अनेक कार्य शुरू, महापौर संजूदेवी राजपूत व जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//कोरबा 24 जनवरी 2026
कोरबा जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति देते हुए प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने आज साढ़े़ 47 करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले अत्यंत महत्वपूर्ण विकास कार्यों का नारियल तोड़कर विधिवत शुभारंभ कराया। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने सड़क निर्माण, कॉलेज एवं स्कूल भवन निर्माण से जुड़े इन विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के कड़े निर्देश अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन द्वारा आज जिन विकास कार्यों का नारियल तोड़कर शुभारंभ कराया गया, उनमें—
29 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से झगरहा–कोरकोमा–पसरखेद–चचिया मार्ग का निर्माण कार्य
7 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से सक्ती से कोरबा मार्ग के मध्य 3.40 किलोमीटर सड़क उन्नयन कार्य
1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से रिंग रोड मुख्य मार्ग से डिंगापुर पहुँच मार्ग का निर्माण
1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से मुड़ापार से दादर भालुसटका होते हुए रिसदी बायपास तक 2-लेन सड़क निर्माण
4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से शासकीय नवीन महाविद्यालय रामपुर, जिला कोरबा का भवन निर्माण
1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी रामपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का निर्माण
1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदनपुर के भवन निर्माण कार्य
आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि इन सभी महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों से सम्पन्न हुआ था, जबकि आज उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने नारियल तोड़कर इन कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया प्रारंभ कराई।
“हमने बनाया है छत्तीसगढ़, अब हम ही इसे संवारेंगे” – लखनलाल देवांगन
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना कर हम सबको एक ऐतिहासिक सौगात दी थी। अब इस राज्य को संपूर्ण रूप से विकसित और समृद्ध बनाने का दायित्व हमारी सरकार निभा रही है।
उन्होंने कहा कि जब डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री बने थे, उस समय राज्य का यह क्षेत्र विकास के मामले में काफी पीछे था, लेकिन उनके 15 वर्षों के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए, जिसके चलते वे आज विकास पुरुष के रूप में पहचाने जाते हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का निरंतर आशीर्वाद प्रदेश को मिल रहा है, वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव का मार्गदर्शन और सहयोग कोरबा के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के साथ-साथ कोरबा जिले का भी तेज़ी से विकास हो रहा है।
उन्होंने बताया कि केवल जिला खनिज न्यास मद (DMF) से ही कोरबा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 3000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। आने वाले समय में जिले की सभी प्रमुख सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा और विकास से जुड़ी शेष समस्याओं का भी शीघ्र समाधान होगा।
“बिना भेदभाव, सभी वार्डों में समान विकास हमारा संकल्प” – महापौर
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर, केवल जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप निगम के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराना ही उनका और निगम का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने महापौर कार्यकाल में कोरबा के विकास पुरुष की पहचान बनाई थी। उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य आज भी नगरवासियों को याद हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज श्री देवांगन प्रदेश के पांच महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री हैं और उनका आशीर्वाद, सहयोग एवं मार्गदर्शन कोरबा के विकास के लिए लगातार प्राप्त हो रहा है।
महापौर ने विश्वास जताया कि मंत्री श्री देवांगन के सहयोग से आने वाले समय में कोरबा को समस्याविहीन और आदर्श शहर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिलेगी।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य ममता यादव, अजय गोंड़, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, प्रताप सिंह कंवर, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, महामंत्री अजय विश्वकर्मा, प्रकाश अग्रवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, दीपनारायण सोनी, नरेन्द्र पाटनवार, संजीव शर्मा, शिव चंदेल, लक्ष्य चतुर्वेदी, बलराम विश्वकर्मा, विजय राठौर, प्रीति स्वर्णकार, विभा शुक्ला, वर्षा सोनी, माधवी अग्रवाल, जय कुमार लहरे, पीडब्ल्यूडी के एस.डी.ओ. राकेश दुबे, रमा मिर्री, तुलसी सूर्यवंशी, पूजा खाण्डे, राजमोहनी भगत सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे।





