टी.पी.नगर गुरूद्वारा को मिली विकास की बड़ी सौगात, 40 लाख रुपये के कार्यों का हुआ भूमिपूजन






उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न कार्यक्रम, महापौर संजूदेवी राजपूत ने की लंगर हाल जीर्णोद्धार की घोषणा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//कोरबा 24 जनवरी 2026
कोरबा शहर के टी.पी.नगर स्थित गुरूद्वारा गुरू सिंह सभा परिसर को विकास की एक और बड़ी सौगात मिली है। यहां सी.एस.आर. मद से 40 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने निर्माण एजेंसी को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य संपादित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरूद्वारा परिसर में होने वाले विकास कार्य समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे आज गुरूजी की कृपा से पूर्ण किया जा सका है।

सी.एस.आर. मद से होंगे पेवर ब्लॉक व अन्य विकास कार्य
टी.पी.नगर स्थित गुरूद्वारा गुरू सिंह सभा परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाने सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक विकास कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन एवं महापौर श्रीमती राजपूत ने संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर कार्यों का शुभारंभ किया।
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज द्वारा पूर्व में विकास कार्यों की लागत लगभग 38.5 लाख रुपये बताई गई थी, किंतु भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय कमी न हो, इसके लिए सी.एस.आर. मद से 40 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई है।
उन्होंने कहा कि कोरबा के सभी समाजों से उन्हें हमेशा स्नेह और आशीर्वाद मिलता रहा है और इसी विश्वास के साथ वे क्षेत्र के विकास हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।
सिख समाज त्याग और बलिदान की मिसाल : देवांगन
मंत्री श्री देवांगन ने सिख समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि सिख समाज त्याग, वीरता और बलिदान का प्रतीक रहा है। उन्होंने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का स्नेह और विश्वास ही उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने यह भी कहा कि गुरूद्वारा परिसर स्थित लंगर हाल के जीर्णोद्धार की घोषणा महापौर द्वारा की गई है और यदि इस कार्य में किसी प्रकार की कमी रह जाती है, तो उसे पूरा करने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
महापौर ने की लंगर हाल जीर्णोद्धार की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों की मांग पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने गुरूद्वारा परिसर स्थित लंगर हाल के जीर्णोद्धार कराए जाने की घोषणा की।
महापौर ने उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कोरबा को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। विभिन्न मदों से फंड की व्यवस्था होने के कारण आज शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से संपादित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता ने उन्हें सेवा का जो अवसर दिया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी तथा नागरिकों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेंगी।
महापौर रहते हुए भी श्री देवांगन ने दी थी लंगर हाल की सौगात
इस अवसर पर गुरूद्वारा गुरू सिंह सभा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री अमरीक सिंह धंजल ने अपने संबोधन में कहा कि जब श्री लखनलाल देवांगन कोरबा के महापौर थे, तब उन्होंने गुरूद्वारा परिसर में लंगर हाल का निर्माण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए थे।
उन्होंने कहा कि उस समय श्री देवांगन ने स्पष्ट कहा था—
“ड्रॉइंग आपकी होगी, फंड हमारा होगा; समाज जैसा चाहेगा, वैसा ही लंगर हाल बनेगा।”
आज भी उनके कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को कोरबा की जनता याद करती है।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, श्री अशोक चावलानी, पार्षद प्रेमलता बंजारे, युगल कैवर्त, रमाशंकर साहू, प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान श्री जतीन्दर सिंह, परविंदर सिंह भाटिया, अमरीक सिंह धंजल, गुरूभेज सिंह, अमृत सिंह, रघुवीर सिंह, सोनू भाटिया, सुखविंदर सिंह, देवेन्द्र सिंह, जसप्रीत कौर, जसवीर कौर, सुखविंदर सिंह धंजल, लक्ष्य चतुर्वेदी, इन्द्रराज सिंह भाटिया, करतार सिंह, जगवीर सिंह, हरदीप सिंह, बलविंदर सिंह, करणजीत कौर, चरणजीत कौर, जसवीर सिंह जस्सी, करनदीप सिंह, हरचरण सिंह, जसपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के नागरिकबंधु एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





