नगर निगम कोरबा की ऐतिहासिक सामान्य सभा: 27 प्रस्तावों पर लगी मुहर, 02 पर बनी समिति की नज़र विकास, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और अधोसंरचना से जुड़े अहम निर्णयों पर सर्वसम्मति






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//कोरबा 23 जनवरी 2026
नगर पालिक निगम कोरबा की आज सम्पन्न हुई साधारण सभा नगर विकास के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक रही। सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर की अध्यक्षता तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस सामान्य सभा में विभिन्न विभागों एवं विषयों से संबंधित कुल 29 प्रस्ताव सदन के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 27 प्रस्तावों को सर्वसम्मति एवं बहुमत से स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 02 प्रस्तावों को विचार-विमर्श हेतु होल्ड पर रखा गया।

नगर पालिक निगम कोरबा के पं. जवाहरलाल नेहरू सभागृह में आयोजित इस साधारण सभा की बैठक में विकास, सामाजिक कल्याण, स्वच्छता, अधोसंरचना, नगरीय सुविधाओं के विस्तार तथा राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। चर्चा उपरांत सदन ने जनहित में कई दूरगामी निर्णयों पर अपनी सहमति प्रदान की।
धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिला समर्थन
साधारण सभा द्वारा दादरखुर्द मानिकपुर में सार्वजनिक रथयात्रा आयोजन में निगम सहयोग संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसी क्रम में सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित पेंशन योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना की स्वीकृति पुष्टि के प्रस्तावों को भी सदन द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य को वर्ष 2029 तक बालविवाह मुक्त राज्य बनाने संबंधी प्रस्ताव को भी सदन का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। वहीं सेवाभारती को आर्थिक सहायता प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा डाॅ. भीमराव अंबेडकर ओपन थिएटर, घंटाघर में रामलीला एवं दशहरा उत्सव मेला आयोजन संबंधी प्रस्ताव को सदन ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।
नेत्रदान–देहदान करने वाले परिवारों के सम्मान का निर्णय
साधारण सभा में नेत्रदान एवं देहदान करने वाले दिवंगतों के परिजनों को सम्मानित करने संबंधी प्रस्ताव को भी सदन द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया, जिसे सामाजिक चेतना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजस्व वृद्धि और नगरीय सेवाओं से जुड़े अहम फैसले
नगर निगम क्षेत्र में मेसर्स भारती टेलीकाम लिमिटेड, जिओ प्राइवेट लिमिटेड, वोडाफोन आइडिया एवं भारत दूरसंचार निगम द्वारा बिछाए गए भूमिगत केबल पर सम्पत्तिकर आरोपण संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इसके साथ ही माइक्रोसेल से जुड़े यूटिलिटी बॉक्स वाले प्रत्येक IBS/वाई-फाई एंटीना/माइक्रोसेल यूनिट जो बस शेल्टर, स्ट्रीट लाइट पोल अथवा सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित हैं, उन पर 500 रुपये प्रति स्थान वार्षिक शुल्क निर्धारण का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
उद्यान, वेंडिंग जोन और पार्किंग से जुड़े निर्णय
नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत 06 उद्यानों का नामकरण ‘नमो पार्क’ किए जाने संबंधी प्रस्ताव को सदन की स्वीकृति प्राप्त हुई।
मल्टीलेवल पार्किंग के समीप जल संसाधन विभाग की भूमि के पास वेंडिंग जोन स्थापना के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
इसके अतिरिक्त निगम के उद्यान विभाग अंतर्गत संचालित उद्यानों के पुनर्विकास, संचालन एवं संधारण हेतु वार्षिक लाइसेंस शुल्क के आधार पर निविदा आमंत्रण संबंधी प्रस्ताव को भी सदन ने हरी झंडी दी।
जल आवर्धन योजना फेस-1 से जुड़े चार अहम प्रस्ताव पारित
साधारण सभा में जल आवर्धन योजना फेस-1 से संबंधित
संचालन एवं संधारण हेतु निविदा आमंत्रण,
02 माह की समय वृद्धि,
01 माह की अतिरिक्त समय वृद्धि,
प्राप्त निविदा की स्वीकृति
जैसे कुल 04 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
स्मार्ट शौचालय, ईवी स्टेशन और वेंडिंग सुविधा पर बड़ा फैसला
BOTPP मॉडल अंतर्गत 30 वर्ष की लाइसेंस अवधि के लिए प्रस्तावित एकीकृत वेंडिंग सुविधा, ईवी स्टेशन एवं विज्ञापन अधिकार सहित स्मार्ट शौचालय निर्माण के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के पश्चात लाइसेंस अवधि को 20 वर्ष करते हुए प्रस्ताव को पारित किया गया।
बड़े निर्माण व अधोसंरचना प्रोजेक्ट्स को मिली मंजूरी
वार्ड क्रमांक 09 बरबसपुर में नवीन ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण (स्व-वित्तीय योजना अंतर्गत)
बुधवारी सर्कस मैदान में अत्याधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण (बहुमत से पारित)
जोगियाडेरा बस्ती समीप माता कौशिल्या की गोद में पधारे भगवान श्रीराम के मंदिर क्षेत्र का नामकरण ‘कौशिल्याधाम’
20 एमएलडी टर्शियरी ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण
इन सभी प्रस्तावों को सदन की स्वीकृति प्राप्त हुई।
जलकर प्रस्ताव व निगम भवन आवंटन प्रस्ताव होल्ड पर
नगर निगम के जलकर वसूली संबंधी प्रस्ताव को जलकर सलाहकार समिति की जांच रिपोर्ट के पश्चात निर्णय हेतु होल्ड पर रखा गया।
वहीं पंचमुखी हनुमान मंदिर के पीछे स्थित निगम के रिक्त भवन को ‘माॅ सर्वमंगला जनजाति कल्याण केंद्र’ संचालन हेतु दिए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी विधिक सलाहकार समिति की रिपोर्ट के बाद निर्णय लेने हेतु होल्ड किया गया।

अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी हुए पारित
15वें वित्त आयोग अंतर्गत 100 टीपीडी सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट कार्ययोजना
विद्युत संयंत्रों पर निर्यात कर आरोपण
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 अंतर्गत सालिड वेस्ट मैनेजमेंट डीपीआर (सूचनार्थ)
वार्ड क्रमांक 48 दर्री बाजार में शेड एवं कमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण
सभी प्रस्ताव सदन द्वारा पारित किए गए।
नवसज्जित निगम भवन का महापौर–सभापति–आयुक्त ने किया निरीक्षण
साधारण सभा प्रारंभ होने से पूर्व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम के नवसज्जित सभा भवन का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर कक्ष, सभापति कक्ष, मेयर इन काउंसिल बैठक कक्ष, पार्षद कक्ष, मुख्य सभागृह सहित अन्य कक्षों एवं व्यवस्थाओं की सराहना की गई।
महापौर श्रीमती राजपूत ने निर्देश दिए कि भविष्य में मेयर इन काउंसिल की बैठकें भी इसी भवन में आयोजित की जाएं।
साथ ही भवन के बाहरी परिसर में चल रहे उद्यानिकी एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए गए।





