बसंत पंचमी पर ज्ञान की आराधना: महापौर, सभापति एवं आयुक्त ने निगम लाईब्रेरी में की माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना






नगर की सुख-शांति, अमन-चैन एवं बौद्धिक उन्नति की कामना के साथ गूंजे वेद मंत्र
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//कोरबा 23 जनवरी 2026
ज्ञान, विद्या, बुद्धि और कला की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की आराधना का पावन पर्व बसंत पंचमी नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पूरे श्रद्धा, आस्था एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस शुभ अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर तथा निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने निगम के सार्वजनिक वाचनालय सह लाईब्रेरी में पहुंचकर वीणावादिनी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की और नगर के अमन-चैन, सुख-शांति तथा नागरिकों के ज्ञान-विकास की मंगल कामना की।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पुराना बस स्टैण्ड स्थित गीतांजलि भवन में संचालित सार्वजनिक वाचनालय सह लाईब्रेरी परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत पंचमी के अवसर पर माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना का विशेष आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में धार्मिक विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ सरस्वती की आराधना की गई, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।
ज्ञान के मंदिर में हुई विद्या की आराधना
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने माँ सरस्वती से नगरवासियों के जीवन में ज्ञान, विवेक, सद्बुद्धि एवं प्रगति का संचार करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वाचनालय और लाईब्रेरी जैसे संस्थान समाज के बौद्धिक विकास की नींव होते हैं, जहां से नई पीढ़ी को ज्ञान और संस्कार दोनों प्राप्त होते हैं।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपायुक्त श्री बी.पी. त्रिवेदी, श्री राकेश नागरमल अग्रवाल, संपदा अधिकारी श्री अनुरूद्ध सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना कर नगर निगम कोरबा के उत्तरोत्तर विकास एवं शासकीय कार्यों में सफलता की कामना की।
सकारात्मक वातावरण और सांस्कृतिक गरिमा का संदेश
पूरे पूजा कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक वाचनालय परिसर में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं शालीन वातावरण बना रहा। बसंत पंचमी के इस आयोजन के माध्यम से नगर निगम द्वारा ज्ञान, शिक्षा और संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि नगरीय जीवन में बौद्धिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश भी देता नजर आया।





