पीएम सूर्यघर योजना को मिशन मोड में उतारने कलेक्टर कुणाल दुदावत के सख्त निर्देश, लक्ष्यपूर्ति हेतु प्रशासन–वेंडर्स–बैंकर्स का समन्वित एक्शन प्लान






स्वच्छ ऊर्जा और मुफ्त बिजली से आमजन को मिलेगी बड़ी आर्थिक राहत : कलेक्टर कुणाल दुदावत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//कोरबा 23 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जिले में प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज विद्युत विभाग के अधिकारियों, बैंकर्स तथा अधिकृत वेंडर्स की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजना की अब तक की जमीनी प्रगति, लक्ष्य निर्धारण, इंस्टालेशन की स्थिति, लंबित आवेदनों एवं व्यवहारिक समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने योजना को सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनहितैषी योजना बताते हुए मिशन मोड में कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना न केवल आम नागरिकों को बिजली बिल से राहत प्रदान करेगी, बल्कि स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, बैंकर्स एवं वेंडर्स को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
शहरी–ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता और शिविरों पर विशेष जोर

कलेक्टर ने जिले में योजना के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने तथा कार्यप्रणाली में प्रोफेशनल एप्रोच अपनाते हुए तेजी से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों को योजना के लाभों से अवगत कराते हुए योजना से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
इसके लिए उन्होंने वार्डवार एवं ग्रामवार शेड्यूल निर्धारित कर शिविर आयोजित करने, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आमजन को प्रोत्साहित करने तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के निर्देश दिए।
वेंडर्स को इंस्टालेशन गति बढ़ाने के निर्देश
बैठक में उपस्थित अधिकृत वेंडर्स को कलेक्टर ने सोलर प्लांट इंस्टालेशन में तेजी लाने हेतु पर्याप्त सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मटेरियल डंपिंग क्षमता बढ़ाने तथा फील्ड इंजीनियरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए, ताकि आवेदनों के निराकरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
शासकीय भवनों में सोलर प्लांट को मिलेगी प्राथमिकता
कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्देशित किया कि शासकीय भवनों जैसे
स्कूल,
आंगनबाड़ी केंद्र,
स्वास्थ्य केंद्र,
आश्रम छात्रावास,
जल जीवन मिशन से जुड़े भवनों
में पीएम सूर्यघर योजना अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना के आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा और जवाबदेही तय
कलेक्टर ने विभागीय अभियंताओं को लंबित आवेदनों की प्रत्येक चरण में नियमित समीक्षा, अनावश्यक विलंब रोकने तथा अधीनस्थ अभियंताओं को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर इंस्टालेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सोलर प्लांट कनेक्शन में विलंब न हो।
बैंकर्स–वेंडर्स की समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक में बैंकर्स एवं वेंडर्स से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश कलेक्टर द्वारा प्रदान किए गए, जिससे योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अड़चन न आए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता कोरबा शहरी विद्युत विभाग श्री आर.एल. वर्मा,
कार्यपालन अभियंता कोरबा ग्रामीण श्री शत्रुघन सिन्हा,
कार्यपालन अभियंता कटघोरा ग्रामीण संभाग श्री अंशु वासने सहित विभाग के उप अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अधिकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।





