March 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस के शासन में अपराधियों को संरक्षण, महिलाओं का आत्मसम्मान हुआ तार-तार – डॉ. किरण बघेल

 

कांग्रेस ने अपराधियों का राजनीतिकरण कर छत्तीसगढ़ को बनाया अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ – डॉ. किरण बघेल

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अपराधों को लेकर राजनीति करने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत की भयावह सच्चाइयों पर आत्ममंथन करना चाहिए। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह द्वारा प्रदेश में अपराधों को लेकर आयोजित पत्र-वार्ता पर पलटवार करते हुए डॉ. बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का राजनीतिकरण कर छत्तीसगढ़ को जंगलराज में धकेल दिया था।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थी। अपराधियों को खुला संरक्षण प्राप्त था और पुलिस प्रशासन पर सत्ता का दबाव इस कदर हावी था कि अपराधियों पर कार्रवाई करना लगभग असंभव हो गया था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में सरकार और पुलिस का पूरा ध्यान कानून-व्यवस्था से हटकर पैसों की उगाही पर केंद्रित हो गया था, जिसके चलते आज भी कई आईपीएस अधिकारी और पुलिसकर्मी कानूनी कार्रवाई के दायरे में हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता गया। सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या की, हजारों युवाओं ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। प्रदेश में दर्जनों बलात्कार प्रतिदिन होते थे और आदिवासी बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में छत्तीसगढ़ देश में पहले स्थान पर पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह था कि अधिकांश अपराधों में या तो कांग्रेस नेताओं की सीधी संलिप्तता होती थी या अपराधियों को कांग्रेस का खुला संरक्षण प्राप्त रहता था।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में एफआईआर दर्ज कराना भी पीड़ितों के लिए कठिन हो गया था। कांकेर में दुष्कर्म की शिकार एक आदिवासी बच्ची के पिता को एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारण आत्महत्या का प्रयास करना पड़ा, जो कांग्रेस सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का ज्वलंत उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई हो रही है। आज जो आंकड़े सामने आ रहे हैं, वह इसलिए क्योंकि अब बिना किसी दबाव के एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और अपराधियों को कानून के अनुसार सजा मिल रही है।
डॉ. बघेल ने कांग्रेस के वर्तमान चरित्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांजगीर जिले के पेण्ड्री में हुई डकैती के मामले में बरामद हथियार एक कांग्रेस विधायक के घर से मिलना बेहद गंभीर मामला है। बलौदाबाजार हिंसा से लेकर इस ताजा डकैती प्रकरण तक कांग्रेस का आपराधिक चरित्र उजागर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेस महिला विधायक का अवैध रेत खनन के लिए रंगदारी वसूली का ऑडियो वायरल होना, किसानों के लाखों रुपये फर्जी तरीके से अपने और अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करने के आरोप लगना, बस्तर से लेकर सरगुजा तक कांग्रेस नेताओं की अपराधों में संलिप्तता – यह सब कांग्रेस की सच्चाई को उजागर करता है।
महिलाओं के आत्मसम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए डॉ. किरण बघेल ने कहा कि गुंजन सिंह को घड़ियाली आँसू बहाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। पिछली भूपेश सरकार के कार्यकाल में कदम-कदम पर महिलाओं का आत्मसम्मान रौंदा गया। उन्होंने कांग्रेस की ही राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ छत्तीसगढ़ कांग्रेस कार्यालय में हुई बदसलूकी का उल्लेख करते हुए कहा कि क्या गुंजन सिंह यह घटना भूल चुकी हैं?
उन्होंने मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया द्वारा अजा-अजजा एवं पिछड़ा वर्ग की महिलाओं पर की गई अश्लील टिप्पणी को नारी-शक्ति का घोर अपमान बताते हुए कहा कि गुंजन सिंह कभी ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने का साहस नहीं दिखा पाईं। महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार को धर्मग्रंथों से जोड़ने जैसी टिप्पणी कांग्रेस की सोच और मानसिकता को उजागर करती है।
डॉ. किरण बघेल ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस का दोहरा राजनीतिक चरित्र ही प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक ताने-बाने के लिए सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार अपराधियों के खिलाफ बिना भेदभाव सख्त कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.