August 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नारी सम्मान पर हमला बर्दाश्त नहीं: महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का उग्र आक्रोश, मप्र के कांग्रेस विधायक पर एफआईआर की मांग

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर  महिलाओं के सम्मान और गरिमा पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने तीखा और आक्रामक रुख अपनाया है। भाजपा महिला मोर्चा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष श्रीमती कृतिका जैन के नेतृत्व में शनिवार को महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के दतिया से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के खिलाफ एसपी कार्यालय-कलेक्ट्रेट रायपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, शताब्दी पांडे सहित महिला मोर्चा की बड़ी टीम उपस्थित रही। भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने ज्ञापन सौंपते हुए विधायक बरैया के बयान को महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला और समस्त नारी-शक्ति का घोर अपमान करार दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग की महिलाओं और बच्चियों को लेकर की गई टिप्पणी न केवल अश्लील और घृणित है, बल्कि सभ्य समाज को शर्मसार करने वाली भी है। भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि बरैया ने महिलाओं के साथ होने वाले जघन्य अपराधों जैसे बलात्कार को धर्मग्रंथों से जोड़कर जिस तरह की टिप्पणी की है, वह मानसिक विकृति और स्त्री विरोधी सोच का घोर उदाहरण है।

 

 

भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार के बयान महिलाओं के प्रति हिंसा को बढ़ावा देने वाले, सामाजिक सौहार्द को तोड़ने वाले और संविधान की भावना के विरुद्ध हैं। महिला मोर्चा ने इसे कांग्रेस की महिला विरोधी और दलित-आदिवासी विरोधी मानसिकता का परिचायक बताते हुए कहा कि इस तरह के लोगों को जनप्रतिनिधि बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
महिला मोर्चा ने मांग की कि आरोपी कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट एवं ओबीसी कानून के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में स्पष्ट संदेश जाए कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की ओर से डॉ. किरण सिंह, प्रियंका गिरी, रजनी शिंदे, माया शर्मा, शमा भारती, शिवानी सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि नारी सम्मान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा और जब तक दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा महिला मोर्चा चुप नहीं बैठेगा।
भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा, अश्लील बयान और घृणित सोच को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.