महाराष्ट्र में मोदी मैजिक का प्रचंड प्रमाण: निकाय चुनावों में ऐतिहासिक जीत एनडीए के सुशासन पर जनता की मुहर – किरण देव






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** रायपुर महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा नीत महायुति को मिली ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे आम जनता का एनडीए को दिया गया आशीर्वाद बताया है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव परिणाम स्पष्ट रूप से महाराष्ट्र में मोदी मैजिक की प्रामाणिकता और सुशासन मॉडल की स्वीकार्यता को सिद्ध करते हैं।
किरण देव ने कहा कि नगरीय और शहरी क्षेत्रों की जनता ने सुशासन, विकास, पारदर्शिता और सौहार्द्रता के पक्ष में खुलकर मतदान कर डबल इंजन सरकार पर अपना अटूट विश्वास जताया है। जनता ने सरकार द्वारा किए गए कार्यों, विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक सुधारों पर भरोसा करते हुए भाजपा नीत महायुति को ऐतिहासिक जनादेश दिया है।
29 में से 25 महानगरपालिकाओं पर महायुति का परचम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में से 25 पर भाजपा नीत महायुति ने विजय पताका फहरा दी है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। इसके साथ ही देश की सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली नगरपालिकाओं में शामिल बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भी महायुति बंपर जीत की ओर अग्रसर है, जो आने वाले समय में महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगा।
विकास और सुशासन के आगे ध्वस्त हुए विरोधियों के हथकंडे
श्री देव ने कहा कि इन चुनावों में जनता ने सभी प्रकार के भ्रम, झूठे प्रचार और राजनीतिक हथकंडों को पूरी तरह नकार दिया है। जनता जनार्दन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उसे अवसरवादी राजनीति नहीं, बल्कि विकास और सुशासन चाहिए। उन्होंने कहा कि तथाकथित महागठबंधन को जनता ने “महाठगबंधन” करार देते हुए पूरी तरह खारिज कर दिया है।
हर शहर में दिखेगा परिवर्तन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में महायुति के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि प्रत्येक शहर और नगर में ठोस और सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे। शहरी आधारभूत ढांचे, स्वच्छता, यातायात, आवास, रोजगार और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में तेज़ी से कार्य होंगे।
फडणवीस सरकार और कार्यकर्ताओं को बधाई
किरण देव ने इस शानदार विजय के लिए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, पूरी महाराष्ट्र सरकार, भाजपा पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह जनादेश महाराष्ट्र की सुरक्षा, शुचितापूर्ण राजनीति और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निर्णायक साबित होगा।
एनडीए के प्रति जनता का अटूट भरोसा
उन्होंने अंत में कहा कि महाराष्ट्र की यह ऐतिहासिक जीत इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता आज भी एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरी तरह विश्वास करती है। यह जनादेश आने वाले समय में देश की राजनीति की दिशा और दशा तय करने वाला सिद्ध होगा।





