धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का झूठ बेनकाब, किसानों के ‘एक-एक दाने’ की खरीदी के लिए प्रतिबद्ध है साय सरकार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//* रायपुर।छत्तीसगढ़ में सुव्यवस्थित और पारदर्शी धान खरीदी से बौखलाई कांग्रेस अब किसानों के बीच जानबूझकर भ्रम फैलाने का षड्यंत्र कर रही है, लेकिन राज्य सरकार ने विपक्ष के इस दुष्प्रचार को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि धान खरीदी को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह राजनीति से प्रेरित और तथ्यों से परे है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने धान खरीदी शुरू होने से पहले ही यह झूठा नैरेटिव गढ़ना शुरू कर दिया था कि सरकार की कोई तैयारी नहीं है और वह किसानों से धान खरीदना नहीं चाहती। जबकि सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने समय रहते व्यापक और मजबूत व्यवस्था तैयार की, जिसका परिणाम आज प्रदेश के हर धान उपार्जन केंद्र में साफ दिखाई दे रहा है।
श्री साव ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष केवल अफवाहें फैलाकर किसानों encourage भ्रमित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में धान खरीदी केंद्रों पर नियमित और निर्बाध खरीदी हो रही है, किसान कतारबद्ध तरीके से अपनी उपज बेच रहे हैं और भुगतान प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
किसानों को सीधा संदेश देते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं यह स्पष्ट कर चुके हैं कि किसान किसी भी प्रकार के संशय में न पड़ें और धैर्य रखें। मुख्यमंत्री का संकल्प स्पष्ट और अडिग है— प्रत्येक पात्र किसान की पात्रता के अनुरूप उसके धान के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार न तो पीछे हटेगी और न ही किसी दबाव में आएगी।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए श्री साव ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ विश्वासघात किया, बोनस के नाम पर छल किया और समय पर भुगतान नहीं कर पाई, उसे आज किसानों के हित की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम, भय और झूठ पर टिकी हुई है, जबकि भाजपा सरकार ठोस नीति, मजबूत व्यवस्था और किसान कल्याण के संकल्प पर काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि छत्तीसगढ़ की वर्तमान भाजपा सरकार पूर्णतः किसान हितैषी है और किसानों की मेहनत, उपज और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कांग्रेस के किसी भी भ्रामक प्रचार या अफवाह में न आएँ, क्योंकि सरकार उनकी उपज का पूरा मूल्य, समय पर भुगतान और सम्मान देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
श्री साव ने कहा कि आने वाले दिनों में धान खरीदी को लेकर फैलाया जा रहा हर भ्रम स्वयं टूट जाएगा और सच्चाई किसानों के सामने होगी— साय सरकार किसानों के साथ है, किसानों के लिए है और किसानों के हक की पूरी लड़ाई लड़ रही है।





