दीपका में हैवानियत की हद पार: घर में अकेली 13 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट दीपका






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा *****//** कोरबा दीपका क्षेत्र एक बार फिर अपराध की भयावह तस्वीर से दहल उठा है। नागिन झोरखी इलाके में एक 13 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध और सहमा दिया है। अज्ञात हमलावर ने घर में अकेली रह रही नाबालिग बच्ची रानू साहू को इस कदर बेरहमी से मारा कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतका रानू साहू (उम्र 13 वर्ष), पिता रामकुमार साहू, घटना के समय घर में अकेली थी। जानकारी के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
शाम 7 बजे टूटा मातम, खून से सना मिला शव
शाम लगभग 7:00 बजे जब परिजन घर लौटे, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। रानू का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सिर पर इतने गहरे और घातक वार किए गए थे कि सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
भारी वस्तु से सिर पर हमला, मौके पर ही मौत
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हमलावर ने बच्ची के सिर पर किसी भारी और कठोर वस्तु से लगातार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की क्रूरता को देखकर लोग सहम गए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, हर एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, लोगों में उबाल
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे नागिन झोरखी क्षेत्र में दहशत और गहरा शोक व्याप्त है। लोग डरे हुए हैं और गुस्से में भी। स्थानीय नागरिकों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस का दावा: जल्द होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला अत्यंत गंभीर है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
एक बार फिर सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था — आखिर कब सुरक्षित होंगी हमारी बेटियां?





