आस्था, संस्कृति और सेवा का महापर्व: श्री सप्तदेव मंदिर में मकर संक्रांति पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, खिचड़ी प्रसाद और भगवान अय्यप्पा की भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// कोरबा14 जनवरी, 2026
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर कोरबा स्थित श्री सप्तदेव मंदिर एक बार फिर आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत केंद्र बन गया। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी यह पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक गरिमा के साथ मनाया गया, जिसमें सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन बना रहा।

विशेष पूजा-अर्चना व खिचड़ी प्रसाद का विशाल वितरण
उत्सव की शुरुआत प्रातःकाल मंदिर में विधिवत विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और भोग अर्पण के साथ हुई। इसके पश्चात दोपहर 1:00 बजे से खिचड़ी प्रसाद का वितरण प्रारंभ हुआ, जो देर शाम तक निर्बाध रूप से चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुँचकर भगवान के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
‘कांतारा’ थीम पर आधारित भगवान अय्यप्पा की भव्य शोभायात्रा
सायं लगभग 5:30 बजे मलयाली समाज द्वारा सीतामणी से निकाली गई भगवान श्री अय्यप्पा स्वामी की भव्य शोभायात्रा श्री सप्तदेव मंदिर पहुँची, जहाँ मंदिर समिति द्वारा पारंपरिक रीति से उसका जोरदार स्वागत किया गया।
इस वर्ष शोभायात्रा की खास पहचान रही ‘कांतारा’ थीम, जिसने श्रद्धालुओं और दर्शकों को अत्यधिक आकर्षित किया। मंदिर परिसर में सजीव पात्रों और पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों के साथ श्रद्धालुओं में सेल्फी लेने की होड़ देखी गई।
दक्षिण भारतीय वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुति
केरल से विशेष रूप से आमंत्रित वाद्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुत दक्षिण भारतीय पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लयबद्ध ताल और दिव्य संगीत पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध नजर आए।
108 दीपों से जगमगाया मंदिर प्रांगण
मलयाली समाज की 108 महिलाओं द्वारा मंदिर परिसर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर प्रांगण जगमगा उठा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

कलाकारों व समाज के पदाधिकारियों का सम्मान
मंदिर के प्रमुख ट्रस्टियों द्वारा 36 घंटे की सड़क यात्रा कर कोरबा पहुँचे डॉ. निशांत एवं उनकी टीम के कलाकारों का श्रीफल एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
साथ ही मलयाली समाज के पूर्व अध्यक्ष जादूगर रमेश, वर्तमान अध्यक्ष राजेश नायर, सचिव कलाधरण पिल्लई, उपाध्यक्ष के.जी. नायर एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप नायर का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष राजेश नायर ने सम्मान के लिए अशोक मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
गणमान्य जनों की गरिमामय उपस्थिति
इस पावन अवसर पर मंदिर के ट्रस्टी अशोक मोदी, गौरव मोदी (महानगर अध्यक्ष, विहिप कोरबा), हार्दिक मोदी, किरण मोदी, शिखा मोदी, अंकिता मोदी, निकिता मोदी, नरेन्द्र मोदी, अंकित गोयनका, विजय गोयनका सहित अनेक गणमान्य जनों ने पूजा-अर्चना कर विश्व शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल की अध्यक्षा सरला मित्तल, लीना अग्रवाल, कमला अग्रवाल, मंदिर के पुजारी नवीन तिवारी, सोमदत्त द्विवेदी, बी.एम. शर्मा, कृष्णा ग्रुप के संतोष पानिकर, संजय नायर, ज्योति यादव तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मकर संक्रांति का यह आयोजन श्री सप्तदेव मंदिर में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।





