कोरबा में अपने घर का सपना हुआ साकार, महापौर संजू देवी राजपूत ने 291 हितग्राहियों को सौंपे आवास स्वीकृति व भवन अनुज्ञा पत्र






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****// कोरबा,15 जनवरी 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत कोरबा नगर निगम क्षेत्र में गरीब, निर्धन और जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना तेजी से साकार हो रहा है। इसी कड़ी में आज नगर निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभा कक्ष में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने ‘‘मोर जमीन–मोर मकान’’ बी.एल.सी. घटक अंतर्गत 291 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती राजपूत ने सभी हितग्राहियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निर्धारित समय-सीमा में मकान निर्माण कार्य प्रारंभ कर उसे गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें, ताकि शासन की योजनाओं का पूर्ण लाभ उन्हें मिल सके।
निगम क्षेत्र में 3582 हितग्राहियों को मिल चुकी है स्वीकृति
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 अंतर्गत ‘‘मोर जमीन–मोर मकान’’ बी.एल.सी. घटक के तहत नगर निगम कोरबा क्षेत्र में वर्तमान में 3582 नए हितग्राहियों को आवासगृहों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत द्वारा इससे पूर्व भी 632 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। आज के कार्यक्रम में 291 और हितग्राहियों को यह महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे गए, जिससे बड़ी संख्या में परिवारों के पक्के मकान का रास्ता साफ हो गया है।
प्रधानमंत्री मोदी की सोच से बदली गरीबों की तक़दीर – महापौर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण आज देश के करोड़ों लोगों को पक्के मकान मिल चुके हैं और आने वाले समय में कोई भी परिवार बिना घर के नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए वरदान साबित हो रही है। विशेष रूप से गरीब, निर्धन एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
महापौर ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की भी सराहना करते हुए कहा कि सत्ता संभालते ही उन्होंने प्रदेश के 18 लाख हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति दी, जो ऐतिहासिक कदम है। साथ ही मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत 18 माह के भीतर मकान पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को ₹32,850 की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।
भ्रम व दलालों से दूर रहने की अपील
महापौर श्रीमती राजपूत ने हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम, अफवाह या प्रलोभन में न आएं। यदि कोई व्यक्ति योजना के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो तुरंत अपने वार्ड पार्षद या नगर निगम अधिकारियों को इसकी सूचना दें। नगर निगम आपके साथ खड़ा है और आपको हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
मकान निर्माण के लिए मिलेंगे ढाई लाख रुपये
इस अवसर पर आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रत्येक हितग्राही को ₹2,50,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जो चार किश्तों में मिलेगी—
प्रथम किश्त: ₹63,000
द्वितीय किश्त: ₹87,000
तृतीय किश्त: ₹65,000
चतुर्थ किश्त: ₹35,000
इसके अतिरिक्त, यदि हितग्राही 18 माह के भीतर मकान का निर्माण पूर्ण कर लेते हैं, तो उन्हें छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत ₹32,850 की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।
गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व सभापति व वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, एम.आई.सी. सदस्य हितानंद अग्रवाल, अजय गोंड़, धनकुमारी गर्ग, पार्षद अब्दुल रहमान,
अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एवं नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ, सहायक नोडल अधिकारी रुचि साहू,
प्रधानमंत्री आवास योजना के सी.एल.टी.सी. हर्ष छत्रवाणी, पी.एम.सी. टीम लीडर शशिकांत साहू, प्रभात धीमर, हनीफ खान सहित बड़ी संख्या में हितग्राहीगण व नागरिक उपस्थित रहे।
कोरबा नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन से सैकड़ों परिवारों के सिर पर स्थायी छत का सपना साकार हो रहा है। महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में यह अभियान गरीबों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान लाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।





